देशभक्ति गीतों से गूंजा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या का कार्यक्रम, सेंट्रल पार्क में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
हनुमानगढ़, 25 जनवरी। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर हनुमानगढ़ टाउन के सेंट्रल पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में गुरु हरिकृष्ण विद्यालय के बच्चों ने अतिथि स्वागत गीत, सूरेवाला के गुरदास ने उधम सिंह पर आधारित देशभक्ति गीत, तथा केंद्रीय विद्यालय हनुमानगढ़ जंक्शन के विद्यार्थियों ने महाभारत का दृश्य प्रस्तुत करते हुए नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया। अमित गोस्वामी ने देशभक्ति गीत सुनाया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जोड़किया के विद्यार्थियों ने धोरा में चल राग पर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया। पीहू और माही ने राधा–कृष्ण पैरोडी, जबकि के.जी. स्कूल, हनुमानगढ़ टाउन के बच्चों ने उठ जाग शेरा पर प्रस्तुति दी। गुलशन अरोड़ा ने भी देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समूहों को सम्मानित किया गया। केंद्रीय विद्यालय हनुमानगढ़ के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पीएम–श्री राजकीय विद्यालय की छात्रा पूजा एवं समूह को मिला, जिन्होंने राम जी की गाथा पर प्रस्तुति दी। तृतीय स्थान सूरेवाला के गुरदास को मिला, जिन्होंने उधम सिंह का प्रभावशाली किरदार निभाया।

