Flash Story
तीन दिन तक खेला जोश, उत्साह और खेल भावना का संगम; वंदे मातरम् फुटबॉल प्रतियोगिता का हुआ समापन
फायर एनओसी की पांच वर्ष की वैधता लागू करने व सीईए को स्थायी बनाने की मांग
27 लाख रुपये की 133.60 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, मोटरसाइकिल ज़ब्त
मानसून को लेकर प्रशासन अलर्ट, एडीएम उम्मेदी लाल मीणा ने किया पंप हाउस व नालों का निरीक्षण*
लाखों रूपए की 31.38 ग्राम हेरोइन सहित बाइक सवार युवक काबू* ।
सरपंच श्रीमती संतोष बेनीवाल के सहयोग से खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता में विजेताओं का सम्मान, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह*
*खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, छात्राओं ने उत्साह के साथ दिखाया खेल कौशल*
नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य ने किया जिला पुलिस लाइन हनुमानगढ़ का निरीक्षण
लड़कियों की सुरक्षा हेतु पुलिस ने शुरू की ट्रिप मॉनिटरिंग सर्विस – एडवोकेट वीरेन्द्र सिंह भादू

नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य ने किया जिला पुलिस लाइन हनुमानगढ़ का निरीक्षण

हनुमानगढ़, दिनांक: 20 जुलाई 2026 नवनियुक्त जिला पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ श्री बी. आदित्य ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात आज जिला पुलिस लाइन का विस्तृत निरीक्षण किया। पुलिस लाइन पहुंचने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद एवं संचित निरीक्षक पुलिस लाइन  मोनिका बिश्नोई ने पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया। स्वागत के पश्चात पुलिस लाइन गार्ड द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।

गार्ड ऑफ ऑनर के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन के जी.डी. परिसर का निरीक्षण प्रारंभ किया। इस दौरान उन्होंने शस्त्रागार, गार्ड रूम, एचएम कार्यालय, मनोरंजन कक्ष, विविध कम्पनी स्टोर एवं कैंटीन सहित विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया।

शस्त्रागार के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले में उपलब्ध विभिन्न प्रकार के शस्त्रों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शस्त्रों के सुरक्षित रखरखाव, जिला आर्मरर द्वारा कराई जाने वाली वार्षिक फायरिंग, शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई, मेंटेनेंस तथा रिकॉर्ड संधारण की व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद एचएम कार्यालय का निरीक्षण कर रजिस्टरों का अवलोकन किया तथा पुलिस लाइन की नफरी, ड्यूटी व्यवस्था एवं कार्यालय संचालन की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

विविध कम्पनी स्टोर के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने दंगा एवं भीड़ नियंत्रण के समय उपयोग में आने वाले ढाल, बॉडी प्रोटेक्टर, जैकेट सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, रखरखाव एवं उपयोगिता के संबंध में जानकारी ली।

इसके पश्चात कैंटीन का निरीक्षण कर कैंटीन प्रभारी से पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भुगतान व्यवस्था एवं पंजीकरण प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने घुड़शाला पहुंचकर वहां उपलब्ध घोड़ों एवं घुड़सवारों की नफरी, उनके रखरखाव, प्रशिक्षण तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

तत्पश्चात एमटी शाखा का निरीक्षण किया गया, जहां एमटीओ द्वारा जिले में उपलब्ध पुलिस वाहनों, वज्र वाहन, वाटर कैनन, बंदी वाहन सहित अन्य वाहनों की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक ने वाहनों के रिकॉर्ड, रखरखाव एवं मेंटेनेंस व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिला पुलिस लाइन स्थित लाइब्रेरी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने लाइब्रेरी में अध्ययनरत बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, अध्ययन की तैयारियों एवं लाइब्रेरी में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने तथा शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद पुरुष बैरक एवं महिला बैरक का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आवासीय सुविधाओं, स्वच्छता, रखरखाव एवं पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

इसके पश्चात पुलिस मैस का निरीक्षण कर जवानों को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन, गुणवत्ता एवं डाइट व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन में संचालित अत्याधुनिक जिम का निरीक्षण कर ट्रेडमिल सहित विभिन्न व्यायाम उपकरणों एवं अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। इसके साथ ही कम्युनिटी हॉल, उसके प्रांगण, घुड़सवारी अभ्यास स्थल एवं परेड ग्राउंड का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद, संचित निरीक्षक पुलिस लाइन श्रीमती मोनिका बिश्नोई, पुलिस उप निरीक्षक श्री सुशील, श्री गुलाब सिंह आर्मोरर तथा विजेंद्र हलवादार मेजर सहित पुलिस लाइन का संबंधित स्टाफ उपस्थित रहा।

Back To Top