Flash Story
यातायात जागरूकता अभियान | हनुमानगढ़ पुलिस
विकसित भारत-जन सेवा अभियान : राष्ट्रीय स्वेच्छिक रक्तदान दिवस पर आमजन ने किया रक्तदान
वोट चोरी’ के मुद्दे पर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका
एफआईआर 185/2026 में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग, महिला थाना अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर हनुमानगढ़ में पुलिस द्वारा मैराथन दौड़ का आयोजन
आंगन मिलन सेवा से सजा अपनत्व का आंगन, स्वास्थ्य और पोषण का दिया संदेश
लायंस क्लब रॉयल्स के शिविर में 27 यूनिट रक्त संग्रहित
बीकानेर संभाग टोली की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न, संगठन विस्तार व नशा मुक्त समाज निर्माण पर मंथन
पीलीबंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत NDPS एक्ट का वांछित आरोपी गिरफ्तार

वार्ड 52 में दूषित पेयजल और स्मार्ट मीटरों से बढ़े बिजली बिलों का विरोध

– कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने अधिकारियों से की वार्ता, समस्या समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

हनुमानगढ़। वार्ड 52 में पिछले कई दिनों से दूषित पेयजल आपूर्ति और बिजली के पुराने मीटरों को बदलकर लगाए गए स्मार्ट मीटरों के बाद अधिक बिल आने की शिकायत को लेकर वार्डवासियों में रोष है। स्थानीय लोगों ने दोनों समस्याओं को लेकर विरोध दर्ज करवाते हुए संबंधित विभागों से जल्द समाधान की मांग की।

वार्डवासी बंसी खन्ना ने बताया कि विद्युत विभाग द्वारा स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली के बिलों में कथित रूप से काफी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग का कर्मचारी बिल देने के लिए आता है तो करीब 6000 रुपये का अनुमानित बिल बताया जाता है, जबकि बिल जमा करवाने के दौरान निर्धारित राशि से करीब 500 रुपये अधिक वसूले जाते हैं। इस संबंध में जब विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली गई तो मशीन में समस्या होने की बात कही गई। वार्डवासियों ने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए बिजली विभाग से बिलों में पारदर्शिता बरतने तथा स्मार्ट मीटरों की जांच करवाने की मांग की।

वहीं वार्डवासियों ने पिछले करीब दो माह से पेयजल आपूर्ति को लेकर भी गंभीर शिकायत रखी। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पीने के पानी की टोंटियों से सीवरेज का गंदा एवं बदबूदार पानी सप्लाई हो रहा है। दूषित पानी के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा लोगों में बीमारियों को लेकर चिंता बनी हुई है। वार्डवासियों ने जलदाय विभाग से तत्काल पेयजल व्यवस्था की जांच करवाकर स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाने की मांग की।

मामले की सूचना मिलने पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर मौके पर पहुंचे। उन्होंने वार्डवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। मक्कासर ने कहा कि आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। बिजली बिलों में अनियमितता और दूषित पेयजल जैसी समस्याओं को लेकर लोगों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही विद्युत विभाग के स्मार्ट मीटरों की समस्या का समाधान नहीं किया गया तथा आवश्यकता होने पर उन्हें बदलकर पुराने मीटर पुनः नहीं लगाए गए और वार्ड में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं हुई तो वार्डवासी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ संबंधित विभाग का घेराव करेंगे।

वार्डवासियों ने भी कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे। मौके पर मौजूद लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर बिजली एवं पेयजल दोनों समस्याओं का स्थायी समाधान करवाने की मांग की।

 

 

Back To Top