*आठों नगरीय निकायों में ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम एवं मतगणना केंद्र निर्धारित, गणन अभिकर्ताओं के लिए फोटोयुक्त बैज अनिवार्य*
हनुमानगढ़, 12 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत वार्ड सदस्य पदों के निर्वाचन के लिए दोनों चरणों का मतदान पूर्ण हो चुका है। अब वार्ड सदस्य पदों के लिए मतगणना 14 सितंबर, 2026 को प्रातः 8 बजे से संबंधित नगरपालिका मुख्यालयों पर निर्धारित मतगणना केंद्रों में रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा करवाई जाएगी। जिला प्रशासन ने मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली हैं।
संगरिया में किसान शहीद स्मारक खालसा उच्च माध्यमिक विद्यालय, टिब्बी में राजकीय महाविद्यालय, हनुमानगढ़ में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा गोलूवाला में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोलूवाला सिहागान को ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम एवं मतगणना केंद्र बनाया गया है। इसी प्रकार रावतसर में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नोहर में गौरीशंकर बिहाणी राजकीय कन्या महाविद्यालय तथा भादरा में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय को मतगणना के लिए निर्धारित किया गया है।
*कुल 57 टेबलों पर होगी मतगणना*
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार वार्डों और मतदान केंद्रों की संख्या के आधार पर निकायवार मतगणना टेबल निर्धारित की गई हैं। टिब्बी में 20 मतदान केंद्रों के लिए 5 टेबल, गोलूवाला में 25 मतदान केंद्रों के लिए 5 टेबल, संगरिया में 35 मतदान केंद्रों के लिए 7 टेबल, पीलीबंगा में 35 मतदान केंद्रों के लिए 7 टेबल, रावतसर में 36 मतदान केंद्रों के लिए 7 टेबल, नोहर में 44 मतदान केंद्रों के लिए 8 टेबल, भादरा में 41 मतदान केंद्रों के लिए 8 टेबल तथा हनुमानगढ़ में 133 मतदान केंद्रों के लिए 10 टेबल निर्धारित की गई हैं। इस प्रकार जिले के सभी आठ निकायों में कुल 369 मतदान केंद्रों की मतगणना के लिए 57 टेबलों पर मतगणना करवाई जाएगी।
*मतगणना केंद्र पर मोबाइल ले जाना रहेगा प्रतिबंधित*
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेदी लाल मीना ने बताया कि मतगणना के दिन गणन अभिकर्ताओं को केवल रिटर्निंग अधिकारी के हस्ताक्षर से जारी फोटोयुक्त बैज के आधार पर ही मतगणना केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। अभ्यर्थियों एवं निर्वाचन अभिकर्ताओं के लिए भी फोटोयुक्त बैज अनिवार्य रहेगा। बिना बैज के प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मतगणना स्थल के अंदर मोबाइल फोन ले जाना पूर्णतः वर्जित रहेगा।
*एक बार बाहर निकलने पर दोबारा प्रवेश नहीं*
निर्देशों के अनुसार गणन अभिकर्ता, संबंधित अभ्यर्थी अथवा उसका निर्वाचन अभिकर्ता गणना कार्य के बीच में गणना कक्ष नहीं छोड़ सकेंगे। एक बार गणना कक्ष से बाहर निकलने के बाद पुनः प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मतगणना स्थल पर अभ्यर्थियों एवं गणन अभिकर्ताओं के बैठने की व्यवस्था के साथ पार्किंग और यातायात की आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
*विजय जुलूस एवं रैली पर रहेगा प्रतिबंध*
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजय जुलूस, रैली आदि निकालना वर्जित रहेगा। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं उनके समर्थकों से मतगणना के दौरान निर्वाचन नियमों एवं आयोग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

