नचिकेतन पब्लिक स्कूल में तीरंदाजी खिलाड़ी सहजप्रीत का भव्य सम्मान

ऐलनाबाद, 23 अप्रैल (रमेश भार्गव) नचिकेतन पब्लिक स्कूल की प्रतिभाशाली तीरंदाज सहजप्रीत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विद्यालय में भव्य रूप से सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा उन्हें माल्यार्पण एवं ट्रॉफी भेंट कर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। सहजप्रीत ने हाल ही में आयोजित 15वीं एनटीपीसी तीरंदाजी चैंपियनशिप, जो कि गुंटूर (आंध्र प्रदेश) में आयोजित हुई, में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अंडर-13 वर्ग में स्कोरिंग राउंड में स्वर्ण पदक तथा फाइट राउंड में कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा अंडर-15 वर्ग में टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यालय परिवार के लिए यह उपलब्धि अत्यंत गर्व का विषय है। सहजप्रीत ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर विद्यालय निदेशक रणजीत सिंह सिद्धु ने कहा कि सहजप्रीत की यह सफलता विद्यालय के लिए गौरव का विषय है और यह दर्शाती है कि यदि विद्यार्थी समर्पण के साथ मेहनत करें तो वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। समारोह में विद्यालय के चेयरमैन राजेंद्र सिंह सिद्धू, एडमिनिस्ट्रेटर अशोक कुमार मोहराना, प्राचार्य एस. एन. पारीक, प्रबंधन समिति के सदस्य, अध्यापकगण एवं विद्यार्थियों ने उपस्थित होकर सहजप्रीत को बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि सहजप्रीत भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं देश का नाम रोशन करती रहेगी।


