27 अप्रैल को बहलोल नगर में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे परामर्श व उपचार

वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर के सौजन्य से लगेगा निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर
हनुमानगढ
वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर के सौजन्य से एक भव्य एवं विशाल निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन 27 अप्रैल सोमवार को बहलोल नगर पंचायत घर मे आयोजित किया जायेगा । यह शिविर प्रात: 9 बजे से प्रारंभ होकर सांय 3 बजे तक संचालित रहेगा, जिसमें क्षेत्र के लोगों को अनुभवी एवं विशेषज्ञ आयुर्वेद चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं औषधि वितरण की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
इस चिकित्सा शिविर में विभिन्न प्रकार की जटिल एवं सामान्य बीमारियों का आयुर्वेदिक पद्धति से समग्र उपचार किया जाएगा। प्रमुख रूप से किडनी रोग, लीवर संबंधी समस्याएं, हृदय रोग, ब्लड प्रेशर, मधुमेह (शुगर), थायराइड, मोटापा, जोड़ों का दर्द, घुटनों का दर्द, रीढ़ (स्पाइन) से संबंधित रोग, स्लिप डिस्क (L4–L5), नसों से जुड़ी समस्याएं, दौरे (मिर्गी), झटके, नजला-जुखाम, अस्थमा तथा अन्य पुरानी एवं दीर्घकालिक बीमारियों का उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया जाएगा।
शिविर में आने वाले रोगियों को न केवल रोगों का उपचार प्रदान किया जाएगा, बल्कि उन्हें उनके स्वास्थ्य के अनुसार उचित आहार-विहार, दिनचर्या एवं जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। आयुर्वेद के माध्यम से रोगों के मूल कारणों को समझकर उन्हें जड़ से समाप्त करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे रोगी दीर्घकाल तक स्वस्थ एवं संतुलित जीवन व्यतीत कर सकें।
श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने बताया कि इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक सुलभ एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती बीमारियों को देखते हुए आयुर्वेद एक सुरक्षित एवं प्रभावी विकल्प के रूप में उभरकर सामने आया है, और ऐसे शिविर आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं। जुनेजा ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि यह एक जनहितकारी पहल है, जिसमें सभी लोगों का सहयोग अपेक्षित है।


