– दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सैकड़ों लोगों ने किया प्रदर्शन, एसपी व कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। नाबालिग पीड़ित की हत्या के मामले को लेकर सोमवार को अरोड़वंश समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला। श्री अरोड़वंश सभा हनुमानगढ़ जंक्शन के अध्यक्ष खैरातीलाल मदान तथा श्री अरोड़वंश सभा हनुमानगढ़ टाऊन के अध्यक्ष रामलुभाया तिन्ना के नेतृत्व में समाज के सैकड़ों लोगों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
समाज के प्रतिनिधियों द्वारा पुलिस अधीक्षक एवं जिला कलेक्टर को दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि हनुमानगढ़ जंक्शन निवासी एक नाबालिग पीड़ित की हत्या कर शव को हाथ बांधकर नहर में फेंक दिया गया। घटना 13 मई 2026 की बताई गई है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि इस जघन्य अपराध को गौरव सोनी निवासी श्रीगंगानगर तथा उसके सहयोगियों द्वारा अंजाम दिया गया, लेकिन घटना के पांच दिन बीत जाने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
ज्ञापन में कहा गया कि इस हृदयविदारक घटना से पीड़ित परिवार, रिश्तेदारों एवं पूरे अरोड़वंश समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। समाज के लोगों ने कहा कि प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई नहीं होने से लोगों में असुरक्षा और नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए व्यक्तिगत मॉनिटरिंग कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा शामिल हुए। समाज के लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की तथा न्याय दिलाने को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समाज को मजबूर होकर व्यापक आंदोलन एवं उग्र प्रदर्शन करना पड़ेगा।
समाज के पदाधिकारियों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा दिलाने की मांग करते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिलना चाहिए ताकि लोगों का कानून व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
इस अवसर पर अरोड़वंश समाज के अनेक गणमान्य लोग, युवा कार्यकर्ता एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

