हनुमानगढ़ टाउन। स्थानीय माहेश्वरी महिला मंडल के तत्वावधान में शुक्रवार, 9 अक्टूबर को श्री माहेश्वरी भवन में प्रादेशिक, जिला और स्थानीय माहेश्वरी महिला मंडल की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। इस अहम बैठक में महिला सशक्तिकरण, समाज में महिलाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और संगठन को और अधिक मजबूत करने के विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 3:15 बजे भगवान महेश की पूजा-अर्चना और अतिथियों को तिलक लगाकर किया गया। इसके पश्चात् स्थानीय माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा बैठक में पधारे सभी प्रदेश, जिला और इकाई पदाधिकारियों का शॉल व पटका पहनाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए माहेश्वरी महिला मंडल की प्रदेश अध्यक्ष सुनीता बिहाणी (गंगानगर) ने समाज में महिलाओं की भूमिका और संगठन के विस्तारीकरण पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर उपस्थित अन्य पदाधिकारियों ने भी संगठन हित में अपने सुझाव साझा किए। वहीं, स्थानीय महिला मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने प्रदेश अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि हनुमानगढ़ टाउन माहेश्वरी महिला मंडल समाज के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेगा और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।
इस बैठक में मुख्य रूप से आंचलिक सहप्रभारी सरिता बिहाणी (गंगानगर), प्रदेश संयुक्त मंत्री संतोष चाण्डक (गंगानगर), प्रदेश संगठन मंत्री सरोज लखोटिया (गंगानगर), प्रदेश संयुक्त मंत्री पूजा सारड़ा (रावतसर), जिला सचिव निर्मला चाण्डक (पीलीबंगा) और अखिल भारतीय महिला संगठन की कार्यकारिणी सदस्य हंसा चिंतलागिया (हनुमानगढ़ जंक्शन) मौजूद रहीं। इनके अलावा संगरिया, पीलीबंगा, रावतसर और नोहर की महिला इकाइयों के पदाधिकारियों ने भी विशेष रूप से शिरकत की।
यह आयोजन माहेश्वरी महिला मंडल एवं माहेश्वरी सेवा समिति (रजि.) के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में माहेश्वरी सेवा समिति के अध्यक्ष, सचिव, संगठन मंत्री सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपना सक्रिय योगदान दिया।
कार्यक्रम के मंच का सफल संचालन लविशा मुंदड़ा और चेतना चांडक ने किया। सायं 6:15 बजे बैठक के समापन अवसर पर स्थानीय माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्ष सीमा सोनी और सचिव मिनाक्षी सोमानी ने पधारे हुए सभी अतिथियों एवं माहेश्वरी सेवा समिति का आभार व्यक्त किया, जिसके पश्चात सभी के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।

