हनुमानगढ़। संस्कार कॉलेज फॉर हायर एजुकेशन, हनुमानगढ़ जंक्शन में दिनांक 10 अक्टूबर 2026 को फ्रेशर एवं फेयरवेल पार्टी का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करना तथा महाविद्यालय से विदा ले रहे विद्यार्थियों को सुखद यादों के साथ शुभकामनाएँ देना रहा। समारोह में विद्यार्थियों एवं समस्त स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक खेलों और विभिन्न गतिविधियों से महाविद्यालय परिसर उत्सवमय बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष प्राचार्य डॉ. राजेश वर्मा एवं उपप्राचार्य डॉ. बलदेव कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर वंदना के साथ किया गया। प्राचार्य डॉ. राजेश वर्मा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में विद्यार्थियों ने एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य एवं गायन की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। पंजाबी, हरियाणवी एवं राजस्थानी संस्कृति की झलक प्रस्तुत करने वाले कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विभिन्न नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं कला-कौशल का परिचय दिया। पंजाबी लोक संस्कृति पर आधारित गिद्धा की मनमोहक प्रस्तुति ने समारोह में विशेष रंग भर दिया। इसके अतिरिक्त समूह नृत्य एवं सभी विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों की सामूहिक सहभागिता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के मनोरंजन एवं आपसी समन्वय को बढ़ावा देने के लिए अनेक रोचक खेलों का आयोजन किया गया। इनमें रैंप वॉक एवं कैटवॉक, गुब्बारों के साथ डिस्पोजेबल ग्लास गेम तथा अन्य मनोरंजक गतिविधियाँ शामिल रहीं। खेलों एवं गतिविधियों ने समारोह में उत्साह, उमंग और आनंद का वातावरण बनाए रखा।
फ्रेशर प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रतिभागियों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, परिचय एवं प्रतिभा को परखने के लिए विभिन्न चरण आयोजित किए गए। प्रतियोगिता में रैंप वॉक, परिचय एवं टैलेंट राउंड शामिल रहे। सभी चरणों में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल द्वारा विभिन्न चरणों के प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया। प्रतियोगिता में मिस्टर फ्रेशर के रूप में रिहान तथा मिसेज फ्रेशर के रूप में राधिका का चयन किया गया। विजेताओं को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन अंजलि द्वारा किया गया। कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती सिमरनजीत कौर के मार्गदर्शन एवं सहयोग से समारोह की सभी गतिविधियाँ सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं। मंच संचालन के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, खेलों एवं प्रतियोगिताओं को क्रमबद्ध रूप से आगे बढ़ाया गया, जिससे कार्यक्रम रोचक एवं मनोरंजक बना रहा।
फेयरवेल समारोह के दौरान महाविद्यालय से विदा ले रहे विद्यार्थियों को उनकी महाविधालय की स्मृतियों को संजोने के लिए स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। यह अवसर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए भावनात्मक और यादगार रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने, अपने लक्ष्य प्राप्त करने तथा भविष्य में सफलता हासिल करने के लिए शुभकामनाएँ दी गईं।
समारोह में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों के योगदान एवं सहयोग की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित स्टाफ सदस्यों में श्री कुलदीप सिंह, श्री तजेंद्र पाल सिंह, श्रीमती किरण बाला, श्रीमती दीप्ति त्यागी, श्री जसकरण सिंह, श्रीमती वैशाली गोदारा, श्रीमती कमला रानी, श्रीमती जया लाधर, श्री जुगल किशोर, श्रीमती महजबीन, श्री मुरलीधर पारीक, श्री रेशम सिंह एवं श्रीमती सिमरनजीत कौर शामिल रहे। प्राचार्य डॉ. राजेश वर्मा एवं उपप्राचार्य डॉ. बलदेव कुमार की उपस्थिति में स्टाफ सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उनके योगदान को सराहा गया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में सामूहिक छायाचित्र लिया गया तथा विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने सामूहिक नृत्य में भाग लेकर समारोह का आनंद लिया। फ्रेशर पार्टी ने नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय के वातावरण से जुड़ने का अवसर दिया, वहीं फेयरवेल पार्टी ने विदा ले रहे विद्यार्थियों को अपने महाविद्यालय के साथ बिताए पलों को यादगार बनाने का अवसर प्रदान किया।
समारोह का समापन हर्षोल्लास एवं आपसी सौहार्द के वातावरण में हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राचार्य, उपप्राचार्य, कार्यक्रम प्रभारी, समस्त स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा। महाविद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, निरंतर प्रगति एवं सफलता की कामना की।

