सार्वजनिक वाई-फाई नेटवर्क से हो रही साइबर ठगी से सावधान रहे :- एसपी दीपक सहारन ।

*हैकर असली वाई-फाई की स्पीड को स्लो कर,नकली नेटवर्क बनाकर कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे है:-एसपी।*
ऐलनाबाद, 21 मार्च (रमेश भार्गव) पुलिस द्वारा आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष एडवाइजरी जारी की गई ।पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। हाल ही में फर्जी वाई-फाई नेटवर्क के माध्यम से ठगी के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई है, जो चिंता का विषय है।उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी पहले सार्वजनिक स्थानों जैसे होटल, कैफे, रेलवे स्टेशन आदि के असली वाई-फाई नेटवर्क को निशाना बनाते हैं। हैकर तकनीकी तरीकों से असली नेटवर्क को धीमा या अस्थायी रूप से बंद कर देते हैं। इसके बाद उसी नाम से एक नकली वाई-फाई नेटवर्क तैयार कर देते हैं, जो बिल्कुल असली जैसा दिखाई देता है। अनजान उपयोगकर्ता जब इस फर्जी नेटवर्क से जुड़ जाते हैं, तो उनका पूरा इंटरनेट ट्रैफिक हैकर के नियंत्रण में चला जाता है।इस प्रक्रिया के दौरान अपराधी यूजर की संवेदनशील जानकारी जैसे बैंकिंग डिटेल, यूजरनेम, पासवर्ड, ईमेल आईडी, सोशल मीडिया अकाउंट और ओटीपी तक हासिल कर लेते हैं। इसके परिणामस्वरूप आर्थिक नुकसान, पहचान की चोरी और अन्य साइबर अपराधों को अंजाम दिया जा सकता है।पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने आमजन से अपील की है कि वे इंटरनेट का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें। केवल विश्वसनीय और पासवर्ड से सुरक्षित वाई-फाई नेटवर्क का ही उपयोग करें। यदि किसी स्थान पर एक ही नाम के कई नेटवर्क दिखाई दें, तो बिना पुष्टि किए किसी से भी कनेक्ट न हों। अपने मोबाइल या लैपटॉप में ऑटो-कनेक्ट विकल्प को बंद रखें ताकि डिवाइस स्वतः किसी अज्ञात नेटवर्क से न जुड़े।इसके अलावा, पब्लिक वाई-फाई का उपयोग करते समय बैंकिंग, ऑनलाइन भुगतान या अन्य संवेदनशील कार्य करने से बचें। किसी भी वेबसाइट पर लॉगिन करते समय यह सुनिश्चित करें कि वह एचटीटीपीएस से सुरक्षित हो। अपने डिवाइस में एंटीवायरस, फायरवॉल और नियमित सिक्योरिटी अपडेट्स को सक्रिय रखें। समय-समय पर मजबूत पासवर्ड बदलते रहें।यदि वाई-फाई बार-बार डिस्कनेक्ट हो रहा हो या समान नाम वाला नया नेटवर्क दिखाई दे, तो तुरंत सतर्क हो जाएं। किसी भी अनजान नेटवर्क से जुड़ने के बाद गोपनीय जानकारी साझा न करें।सिरसा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।


