ऐलनाबाद , 21 जुलाई( रमेश भार्गव )
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मेहनाखेड़ा की स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के साथ वर्चुअल माध्यम से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली और स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों से विद्यालय के सर्वांगीण विकास पर बातचीत की।
इस अवसर पर एडीसी अर्पित संगल, सीएमजीजीए पुरु रोहिल्ला, डीपीसी सिरसा, बीईओ ऐलनाबाद, एपीसी सिरसा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेहनाखेड़ा एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय मेहनाखेड़ा की स्कूल प्रबंधन समितियों के सदस्य सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वर्चुअल संवाद के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं शिक्षामंत्री महीपाल ढांडा ने विद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान सभी एसएमसी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विद्यालय के विकास के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मेहनाखेड़ा के प्राचार्य महेंद्र मेहता से भी विद्यालय की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सुपर-100 कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी, जिसके अंतर्गत विद्यालय के दो विद्यार्थियों का चयन हुआ है। साथ ही यह भी बताया गया कि विद्यालय की एक छात्रा ने गत वर्ष राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
संवाद के दौरान स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुभाष चंद्र ने विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय ने बोर्ड परीक्षाओं में स्कूल ने सत प्रतिशत परीक्षा परिणाम हासिल किया है.

