नई आबादी में भजनों के साथ संपन्न हुई नियमित प्रभात फेरी; जीएम रिसोर्ट में स्वर्ण चोला, अखंड ज्योति और विशाल भंडारे में उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब
हनुमानगढ़ टाउन:
धार्मिक नगरी हनुमानगढ़ टाउन में इन दिनों भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। शहर के प्रतिष्ठित ‘श्री काजला धाम सुंदरकांड मित्र मंडल, हनुमानगढ़ टाउन’ के तत्वावधान में आगामी 22 अगस्त 2026, शनिवार को नवम ‘श्री सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भजन संध्या’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह बहुप्रतीक्षित धार्मिक कार्यक्रम शहर के प्रमुख जी.एम. रिसोर्ट (G.M. Resort) में आयोजित होगा, जिसकी तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में जोरों-शोरों से चल रही हैं।
इस महाआयोजन के निमित्त पिछले कुछ दिनों से समूचे शहर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। कार्यक्रम की सफलता और जन-जागरण हेतु मंडल के सदस्यों द्वारा शहर में नियमित रूप से प्रभात फेरी निकाली जा रही थी। यह प्रभात फेरी प्रतिदिन प्रातः 5:00 बजे से सुबह 7:00 बजे तक शहर की मुख्य कॉलोनियों और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। आज इस प्रभात फेरी का विधिवत समापन नई आबादी की गली नंबर 5 में एक विशेष भजन-कीर्तन कार्यक्रम के साथ हुआ।
समापन के इस पावन मौके पर भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। भक्तों का उत्साह और श्रद्धा देखते ही बन रही थी। उपस्थित श्रद्धालु भगवान की भक्ति में लीन होकर हनुमान चालीसा और श्री सुंदरकांड की चौपाइयों की मधुर धुनों पर झूमते और भाव-विभोर होकर नृत्य करते नजर आए। पूरे क्षेत्र में जय श्री राम और जय बालाजी के जयकारों की गूंज से माहौल पूरी तरह से राममय हो गया।
आयोजन समिति और श्री कजला धाम सुंदरकांड मित्र मंडल के सक्रिय सदस्य किशन लाल मित्रुका, जीतू शर्मा,नीरज बाबानी,पवन शर्मा ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि यह संपूर्ण आयोजन प्रेरणा स्त्रोत (श्रद्धेय ब्रह्मलीन) पूज्य रमेश कुमार जोशी, गुरुमाता श्रीमती मंजू जोशी तथा भाई अंजलि जोशी गुरु जी महाराज के पावन सानिध्य और आशीर्वाद से संपन्न होने जा रहा है।
कार्यक्रम की समय-सारणी एवं मुख्य आकर्षण:
शनिवार, 22 अगस्त को होने वाले इस भव्य अनुष्ठान की शुरुआत सायंकाल 4:00 बजे से होगी।
सायं 4:15 बजे: संकट मोचन श्री बालाजी महाराज को स्वर्ण चोला अर्पण किया जाएगा।
सायं 5:15 बजे: सुमधुर स्वरों में नवम श्री सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ होगा।
सायं 7:15 बजे: पाठ के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था की गई है।
रात्रि 9:15 बजे: महाआरती की जाएगी और भगवान को विशेष भोग लगाया जाएगा।
रात्रि 10:15 बजे: उपस्थित सभी भक्तों में महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
जीतू शर्मा ने आगे बताया कि इस सुंदरकांड पाठ के अवसर पर जी.एम. रिसोर्ट में बाबा का एक अत्यंत ही भव्य और अलौकिक दरबार सजाया जाएगा। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर अखंड ज्योति प्रज्वलित की जाएगी, जिसके साक्षात दर्शन कर भक्तजन पुण्य लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
श्री काजला धाम सुंदरकांड मित्र मंडल ने शहर और आसपास के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से विनम्र अपील की है कि वे इस पुनीत अवसर पर सपरिवार जी.एम. रिसोर्ट पहुंचें। संकट मोचन श्री बालाजी महाराज की इस भजनों की अमृत वर्षा का आनंद लें, अखंड ज्योति के दर्शन करें और इस विशाल धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर पुण्य के भागी बनें।

