बीकानेर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की संभाग स्तरीय बैठक का आयोजन फोर्ट स्कूल, बीकानेर में प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अतर सिंह की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पालक श्री संपत सिंह सहित गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर एवं अनूपगढ़ जिलों की जिला टोली, प्रदेश सदस्यों, संगठन मंत्रियों, विभाग संगठन मंत्रियों तथा विभिन्न प्रकोष्ठों एवं आयामों के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में गुरु वंदन कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी ली गई तथा ‘एक शिक्षक-एक वृक्ष’ कार्यक्रम को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रत्येक खंड से संबंधित संकुल की सूचनाओं को अद्यतन करने तथा संकुल सूची को पूर्णतः प्रमाणिक रखने के निर्देश दिए गए।
श्री संपत सिंह एवं माध्यमिक सचिव श्री रवि आचार्य ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन हित में समर्पण भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। बैठक में 17 अगस्त को प्रस्तावित प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। विभाग संगठन मंत्री श्री राकेश भार्गव ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में आगामी सितंबर माह में आयोजित होने वाले जिला सम्मेलन के स्थान को लेकर चर्चा की गई। साथ ही आगामी खंड कार्यकारिणी के गठन पर भी विचार-विमर्श करते हुए सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को संगठन में दायित्व सौंपने का आग्रह किया गया।
हनुमानगढ़ जिला अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने जिले के विभिन्न शिक्षकों के संयुक्त निदेशक एवं निदेशालय कार्यालय से संबंधित लंबित प्रकरणों की जानकारी प्रदेश कार्यकारिणी को दी तथा संबंधित दस्तावेज सौंपे। माध्यमिक सचिव श्री रवि आचार्य ने इन प्रकरणों का शीघ्र उचित निस्तारण करवाने का भरोसा दिलाया।
बैठक में जिला कार्यकारिणी सदस्य गौरीशंकर सुथार, दिनेश सहारण, हरीशचंद्र शर्मा, राकेश भार्गव, पवन जाखड़, सुल्तान मेहरड़ा सहित अनेक शिक्षक एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

