हनुमानगढ़। उत्तर पश्चिम रेलवे, हनुमानगढ़ कार्यालय के सहायक मंडल अभियंता की ओर से जिला कलेक्टर हनुमानगढ़ को पत्र भेजकर समपार संख्या 61, रेलवे किलोमीटर 83/5-6 (चंदड़ा फाटक) को रोड अंडरब्रिज निर्माण के लिए बंद किए जाने की सूचना दी गई है।
पत्र के अनुसार भटिंडा-सूरतगढ़ खंड पर समपार संख्या 61 पर रोड अंडरब्रिज का निर्माण कार्य स्वीकृत हो चुका है और निर्माण कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य 20 अगस्त 2026 से शुरू किया जा रहा है।
रेलवे के अनुसार निर्माण कार्य के चलते समपार को 20 अगस्त 2026 की सुबह 9 बजे से 19 फरवरी 2027 तक बंद रखा जाएगा। इस दौरान फाटक से सड़क यातायात पूरी तरह प्रभावित रहेगा। लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग से आवागमन की व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता बताई गई है।
रेलवे अधिकारियों ने जिला प्रशासन को मामले की जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। पत्र की प्रति संबंधित रेलवे अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

