हनुमानगढ़,हरिद्वार। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हरिद्वार स्थित अखंड दया धाम आश्रम में आयोजित हुई। राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से संगठन के पदाधिकारी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, नागरिक एवं मातृशक्ति ने भाग लिया।
हनुमानगढ़ से सुनीता अग्रवाल ने अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की महिला जिला अध्यक्ष के रूप में जिले का नेतृत्व किया। उन्होंने महिला जिला कार्यकारिणी हनुमानगढ़ द्वारा समाज हित में किए जा रहे कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।
बैठक में अग्रवाल समाज को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक रूप से मजबूत करने, संगठन का जिला एवं तहसील स्तर तक विस्तार करने तथा भावी पीढ़ी को नेतृत्व के लिए तैयार करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक मंथन किया गया। युवाओं के लिए रोजगार एवं प्रशासनिक परीक्षाओं की तैयारी, वैवाहिक परिचय वेबसाइट शुरू करने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
प्रदीप मित्तल को वर्ल्ड बुक रिकॉर्ड ऑफ यूके का सम्मान
अधिवेशन के दौरान अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल को समाज के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ल्ड बुक रिकॉर्ड ऑफ यूके, लंदन की ओर से सम्मानित किया गया। वर्ल्ड बुक रिकॉर्ड ऑफ यूके के इंडियन चैप्टर के पदाधिकारी सुमित सिंगला ने उन्हें सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुल भूषण मित्तल, महामंत्री राजेश भारूका, संरक्षक एवं पूर्व सांसद सुशील गुप्ता सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे पदाधिकारियों ने प्रदीप मित्तल को सम्मान मिलने पर बधाई दी।
सुमित सिंगला ने कहा कि समाज के प्रति प्रदीप मित्तल का योगदान सराहनीय है। समाज को संगठित करने, सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने और नई पीढ़ी को समाज के प्रति जिम्मेदार बनाने की दिशा में उनके प्रयास महत्वपूर्ण हैं।
सामाजिक कुरीतियों पर भी हुई चर्चा
राष्ट्रीय चेयरमैन प्रदीप मित्तल ने समाज को एकजुट एवं मजबूत बनाने का आह्वान किया। बैठक में प्री-वेडिंग शूट जैसी कुरीतियों को समाप्त करने तथा तलाक के बढ़ते मामलों की रोकथाम के लिए काउंसलिंग प्रकोष्ठ गठित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
इसके अलावा आगामी 14 नवंबर को दिल्ली में महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवार्ड समारोह आयोजित करने को लेकर भी मंथन किया गया।
सुनीता अग्रवाल का किया सम्मान
अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की ओर से हनुमानगढ़ की महिला जिला अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल को शाल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान पर हनुमानगढ़ महिला जिला कार्यकारिणी से जुड़े पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों ने खुशी जताई।

