अखिल भारतीय किसान सभा मक्कासर का चौथा सम्मेलन सम्पन्न
-नई 17 सदस्यीय कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन, 19 जनवरी के प्रदर्शन में भागीदारी का निर्णय

हनुमानगढ़। अखिल भारतीय किसान सभा मक्कासर का चौथा सम्मेलन गांव मक्कासर में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता बलदेव सिंह डोडावाली, रूलदू सिंह एवं जगदीश ने संयुक्त रूप से की। सम्मेलन की शुरुआत अध्यक्ष बलदेव सिंह डोडावाली द्वारा ध्वजारोहण के साथ की गई, जिसके बाद किसान एकता और अधिकारों को लेकर चर्चा आरंभ हुई।
सम्मेलन में सचिव ओम स्वामी ने संगठन का वर्ष भर का लेखा-जोखा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया। उपस्थित सदस्यों ने संगठन की गतिविधियों, आंदोलनों और कार्यों की सराहना करते हुए लेखा-जोखा सर्वसम्मति से पारित किया। इसके पश्चात सम्मेलन का उद्घाटन भाषण सरपंच बलदेव सिंह मक्कासर ने किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किसानों को एकजुट होकर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना होगा और किसान सभा इस दिशा में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।
सम्मेलन में सर्वसम्मति से 17 सदस्यीय नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अध्यक्ष पद पर जगदीश तंवर, सचिव पद पर ओम स्वामी तथा उपाध्यक्ष पद पर बलदेव सिंह डोडावाली और राजेन्द्र स्याग को चुना गया। सोशल मीडिया प्रभारी के रूप में सतनाम सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई। संयुक्त सचिव भूपेन्द्र, कोषाध्यक्ष सोहन सिंह मल्ली बनाए गए। इसके अतिरिक्त कमेटी सदस्य के रूप में शोपत स्वामी, गुरदीप सिंह, रामप्रताप स्याग, बूटा सिंह, गुरजंट सिंह, मदन मेघवाली, गुरमीत सिंह, मखण सिंह एवं गुरजंट सिंह को सर्वसम्मति से चुना गया।
सम्मेलन के दौरान सेवानिवृत्त पटवारी जंगीर सिंह ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई संदेश दिया। वहीं डीवाईएफआई तहसील अध्यक्ष वेद मक्कासर एवं सीटू नेता हरदेव सिंह ने भी किसान सभा को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूती से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। समापन भाषण रूलदू सिंह ने दिया। उन्होंने कहा कि किसान सभा को जमीनी स्तर पर किसानों की समस्याओं को उठाते हुए संघर्ष को और तेज करना होगा।
सम्मेलन में 12 जनवरी को तहसील सम्मेलन व 19 जनवरी को जिला कलेक्टर कार्यालय पर आयोजित होने वाले विशाल किसान प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने पर सर्वसम्मति से सहमति बनी। वक्ताओं ने किसानों से आह्वान किया कि वे अपनी मांगों को लेकर एकजुट होकर इस आंदोलन में भाग लें।
इस अवसर पर अशोक स्याग, कालूराम, कृष्णलाल, विनोद स्याग, सुभाष स्वामी, काला सिंह, बलराज सिंह, हरदेव सिंह, नत्थू पटवारी, शीशपाल चाहर सहित बड़ी संख्या में किसान सभा के सदस्य मौजूद रहे। सम्मेलन का समापन किसान एकता और संघर्ष के संकल्प के साथ किया गया।



