महिला कौशल प्रशिक्षण व साइबर जागरूकता शिविर का समारोह पूर्ण समापन
-7 दिवसीय प्रशिक्षण के बाद छात्राओं ने दिखाए आत्मरक्षा के हुनर, साइबर सुरक्षा का लिया संकल्प
हनुमानगढ़। महिला एवं बाल कल्याण सेवा समिति द्वारा हनुमानगढ़ जंक्शन के बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में महिलाओं एवं बेटियों को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने के उद्देश्य से आयोजित 7 दिवसीय महिला कौशल प्रशिक्षण एवं साइबर जागरूकता शिविर का समापन शनिवार को बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। शिविर के अंतिम दिन छात्राओं ने आत्मरक्षा के विभिन्न गुरों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक गणेशराज बंसल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई, बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज के डायरेक्टर तरुण विजय, अग्रवाल समाज के वरिष्ठ सदस्य देवेंद्र अग्रवाल, समाज सेवी सुमन चावला ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल कल्याण सेवा समिति की अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में साइबर एक्सपर्ट वाहेगुरू सिंह ने छात्राओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद छात्राओं ने एक सप्ताह के प्रशिक्षण में सीखी गई आत्मरक्षा तकनीकों का मंच पर जीवंत प्रदर्शन किया। प्रशिक्षक इन्द्रा देवी के निर्देशन में प्रस्तुत इन प्रदर्शनों ने उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया और बेटियों के आत्मविश्वास को दर्शाया।
मुख्य वक्ता साइबर एक्सपर्ट वाहेगुरू सिंह ने अपने संबोधन में ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया के दुरुपयोग जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज के डिजिटल युग में छोटी-सी लापरवाही भी बड़े नुकसान का कारण बन सकती है। उन्होंने छात्राओं को मजबूत पासवर्ड रखने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने और व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचने जैसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
मुख्य अतिथि विधायक गणेशराज बंसल ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए और जरूरत पड़ने पर रानी लक्ष्मीबाई की तरह साहस के साथ अत्याचार का सामना करना चाहिए। उन्होंने महिला एवं बाल कल्याण सेवा समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का विकास होता है।
प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय ने शिविर की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा जैसे विषय छात्राओं के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और ऐसे शिविर उन्हें वास्तविक जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।

समाजसेवी देवेंद्र अग्रवाल ने कहा कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर बेटियों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि अग्रवाल महिला समिति के अध्यक्ष पद पर कार्य करते हुए सुनीता अग्रवाल द्वारा पहले समाज की महिलाओं को एकजुट किया और अब सर्व समाज की महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए सराहनीय कार्य कर रही है ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सुनीता अग्रवाल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य महिलाओं और बेटियों को सशक्त बनाना है और इसी उद्देश्य को लेकर भविष्य में भी ऐसे शिविर निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि इस शिविर से प्राप्त ज्ञान और प्रशिक्षण छात्राओं के जीवन में उपयोगी सिद्ध होगा।

