चार लाख हस्ताक्षरों के साथ गौ सम्मान आवाहन अभियान ने उठाई आवाज
*- गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा देने सहित चार प्रमुख मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन*
हनुमानगढ़। गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर चलाए जा रहे गौ सम्मान आवाहन अभियान के तहत सोमवार को स्थानीय अग्रसेन धर्मशाला में जिलेभर से आए गोसेवकों और गौभक्तों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। गुरुजी दयानंद शास्त्री, संत गोपाल नाथ जी महाराज एवं राघवानंद जी महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम के बाद जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा गया। अभियान के तहत जिलेभर में डोर-टू-डोर चलाए गए हस्ताक्षर अभियान में करीब चार लाख लोगों ने हस्ताक्षर किए। हस्ताक्षरयुक्त पन्नावली भी जिला कलेक्टर को सौंपी गई।
अभियान के जिला अध्यक्ष बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि गौ सम्मान आवाहन अभियान का उद्देश्य देशभर में भारतीय देशी गोवंश के संरक्षण और सम्मान के लिए जनजागरण करना है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार से गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौसेवा के लिए केंद्रीय कानून लागू करने तथा केंद्रीय गौसेवा मंत्रालय बनाने की मांग की जा रही है। इसके साथ ही गौचर भूमि के संरक्षण एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन के लिए सुरक्षित नीति बनाकर गौचर बोर्ड गठित करने की भी मांग रखी गई है।
गोशाला अध्यक्ष इंद्रकुमार हिसारिया ने कहा कि इन मांगों को लेकर पूरे भारत में संकल्प के साथ जिला मुख्यालयों पर जनबल के साथ ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र और सभी राज्य सरकारों से राष्ट्रहित एवं भारतीय संस्कृति के हित में संविधान के दायरे में रहकर अहिंसक तरीके से आग्रह करना है। भारतीय देशी गोवंश को राष्ट्रीय सम्मान दिलाना तथा उसके संरक्षण के लिए प्रभावी एवं स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करवाना अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि गोवंश भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। इसके संरक्षण के लिए समाज और सरकार दोनों को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। गोसेवकों ने कहा कि केवल भावनात्मक अपील के बजाय गोवंश संरक्षण के लिए ठोस नीतियां, पर्याप्त संसाधन और प्रभावी कानून बनाया जाना चाहिए।
इस दौरान एडवोकेट विनोद शर्मा (बीकानेर संभाग), दयानंद शास्त्री, गोपाल नाथ महाराज, रघुवर आचार्य महाराज, प्रदेश सचिव बंसीलाल व्यास, नोहर तहसील अध्यक्ष दयाराम शीलू, भादरा तहसील अध्यक्ष जयवीर सेरवा, पल्लू तहसील अध्यक्ष महेंद्र देग, इंद्र हिसारिया, अभयपाल ऐचरा, विजय रौंता, विजय गोयल, अजय गर्ग, महेंद्र गोदारा, जयचंद धनेरिया, मनोहरलाल बंसल, रामकुमार गोदारा, बिंदु पूनिया, विजय पाटोदिया, तेजपाल पुनिया, रामदेव पुनिया, रविंद्र रणवा, सोहनलाल, किशन राव पीलीबंगा, हंसराज जाखड़, भंवर सिंह जोड़ाकिया, श्रवण सहारण, दयाराम डोटासरा, राजेंद्र गोदारा सहित जिलेभर से आए सैकड़ों गोभक्त मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित गोसेवकों ने अभियान को आगे बढ़ाने और गौ संरक्षण के लिए जनजागरण जारी रखने का संकल्प लिया।

