ऐलनाबाद, 6 अगस्त (रमेश भार्गव)
संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर आज ऐलनाबाद में तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन शुरू हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरिकिशन कंबोज प्रधान एवं पवन कुमार सुथार ने की तथा मंच संचालन विजय मंजूका एवं धर्मपाल ने किया।
कर्मचारी नेता हरिकिशन कंबोज एवं पवन कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा बिजली क्षेत्र में हरियाणा एग्री-डिस्कॉम, स्मार्ट मीटर तथा पैरेलल लाइसेंस जैसी नीतियां लागू करने की तैयारी है, जिसका संयुक्त मोर्चा पुरजोर विरोध करता है।
बिजली यूनियन केंद्रीय नेता राजेश भाकर ने बताया कि हरियाणा एग्री-डिस्कॉम के माध्यम से बिजली वितरण व्यवस्था में निजी भागीदारी बढ़ने से सरकारी बिजली व्यवस्था कमजोर होगी, कर्मचारियों के हित प्रभावित होंगे तथा भविष्य में उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि बिजली जैसी आवश्यक सेवा को निजी कंपनियों के मुनाफे का माध्यम बनाने के बजाय सरकारी व्यवस्था को मजबूत किया जाना चाहिए।
स्मार्ट मीटर के संबंध में नेताओं ने कहा कि मीटरिंग व्यवस्था में बदलाव से उपभोक्ताओं के सामने बिलिंग, तकनीकी खराबी, रिमोट कनेक्शन/डिस्कनेक्शन और अन्य व्यावहारिक समस्याएं पैदा हो सकती हैं। वहीं पैरेलल लाइसेंस के जरिए निजी कंपनियों को बिजली वितरण का अवसर मिलने से सरकारी बिजली निगमों और कर्मचारियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

