ऑपरेशन चक्रव्यूह’ का असर: हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने 18.28 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ तस्कर को दबोचा
हनुमानगढ़। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने और नशा तस्करों को जड़ से खत्म करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य के कड़े निर्देशन में पुलिस ने 18.28 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नशा तस्करों पर प्रभावी कार्रवाई एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में सख्ती से पालना करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविन्द, वृताधिकारी श्रीमती मीनाक्षी और जंक्शन थानाधिकारी श्री रामचन्द्र कस्वां के निकटतम सुपरविजन में यह सफलता हासिल की गई।
उपनिरीक्षक (SI) श्रीमती चुंका के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अजेब सिंह उर्फ अजय (19) पुत्र करतार सिंह, निवासी वार्ड नंबर 12, नवां (जिला हनुमानगढ़) को 18.28 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
जंक्शन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/21 के तहत मुकदमा (प्रकरण संख्या 597/2026) दर्ज कर लिया है। मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क का पता लगाने के लिए मामले का अनुसंधान जंक्शन थाने के उपनिरीक्षक श्री गजेन्द्र शर्मा द्वारा किया जा रहा है।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस धरपकड़ में डीएसटी (DST) टीम सेक्टर हनुमानगढ़ की विशेष भूमिका रही। इसके अलावा जंक्शन थाने की पुलिस टीम में उपनिरीक्षक श्रीमती चुंका, एएसआई श्री लालचन्द, कांस्टेबल श्री भीमसेन, कांस्टेबल श्री केदारमल और कांस्टेबल श्री सुभाषचन्द्र शामिल रहे, जिनके प्रयासों से यह गिरफ्तारी संभव हो सकी।

