हनुमानगढ़। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन सर्टिफिकेशन (एनक्यूएएस) के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र ढालिया, 30 एसएसडब्ल्यू एवं पिचकराई को सफलतापूर्वक प्रमाणन प्राप्त हुआ है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के मार्गदर्शन में जिले में गुणवत्ता आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व जिले में 52 चिकित्सा संस्थान एक्टिव क्वालिटी सर्टिफाइड थे। वहीं आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्रों के प्रमाणित होने से अब यह संख्या बढ़कर 60 हो गई है। डॉ. शर्मा ने बताया कि एनक्यूएएस के अंतर्गत नेशनल सर्टिफाइड चिकित्सा संस्थान आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र ढालिया, 30 एसएसडब्ल्यू एवं पिचकराई को 2.16 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रति वर्ष प्राप्त होगी। उन्होंने इस उपलब्धि पर उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अखिलेश शर्मा एवं रावतसर बीसीएमओ एवं एनक्यूएएस नोडल अधिकारी डॉ. मनिन्द्र सिंह सहित समस्त स्वास्थ्य स्टाफ को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अखिलेश शर्मा ने बताया कि इस प्रमाणन प्रक्रिया में जिला क्वालिटी टीम सदस्य आयुष्मान नेशनल असेसर एवं नर्सिंग ऑफिसर धर्मपाल छींपा, इंटरनल एसेसर एवं फार्मासिस्ट सन्नी ग्रोवर, इंटरनल एसेसर एवं बीपीओ कृष्ण टाक, सीएचओ संजय सिराव सहित संबंधित ब्लॉक टीम सदस्यों और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सराहनीय योगदान दिया गया। उन्होंने आगे बताया कि खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी नोहर डॉ. मंजीत ढाका और खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी हनुमानगढ़ डॉ. कुलदीप बराड़ के निर्देशन ब्लॉक क्वालिटी टीम एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र ढालिया, 30 एसएसडब्ल्यू एवं पिचकराई के समस्त स्टाफ के सामूहिक प्रयासों से यह महत्वपूर्ण सर्टिफिकेशन प्राप्त किया जा सका के लिए सभी स्टाफ को बधाई दी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि जिले में अब तक जिला चिकित्सालय सहित 60 चिकित्सा संस्थान एनक्यूएएस सर्टीफाइड हो चुके है जिनमें से 55 एक्टिव सर्टिफाइड है वही 5 चिकित्सा संस्थान कंडीशनिलिटी सर्टिफाइड है। जिले के 5 अन्य चिकित्सा संस्थानों का नेशनल असेसमेंट हो चुका है, जिनका परिणाम बकाया है, जो एनक्यूएएस सर्टिफाइड होकर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में जिले की नई पहचान बनेंगे। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रावतसर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगरिया ने मुस्कान नेशनल सर्टिफिकेशन प्राप्त कर बच्चों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का प्रमाणन हासिल किया है।

