हरियाणा हांसी: नीलम सलूजा
डीसी राहुल नरवाल ने कहा कि हांसी शहर में डोर टू डोर कूड़ा करकट इकठ्ठा कर निर्धारित स्थान पर डालने के लिए एक एजेंसी को 5 वर्ष के लिए ठेका दिया गया है। उन्होंने संबंधित एजेंसी को निर्देश दिए हैं कि वह तुरंत तैयार एक्शन प्लान को नगर परिषद को सौंपे ताकि कूड़ा करकट कलेक्शन का कार्य जल्द से जल्द प्रारंभ हो सके।
डीसी राहुल नरवाल मंगलवार जिला सचिवालय परिसर में नगर परिषद के अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि एजेंसी द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली एक्शन प्लान पर गहनता से मंथन करें ताकि कचरा कलेक्शन का कार्य शुरू होने के बाद नगर वासियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी अगले 5 वर्ष तक न हो।
डीसी ने नगर परिषद के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जब तक डोर टू डोर कचरा कलेक्शन का कार्य प्रारंभ नहीं होता तब तक कूड़ा करकट उठान का कार्य समुचित ढंग से करने के लिए अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
नगर परिषद के अधिकारियों ने डीसी राहुल नरवाल को बताया कि शहर की सड़कों को साफ सुथरा रखने के लिए रोड स्वीपिंग का टेंडर भी लग चुका है जो आगामी 20 फरवरी को खोला जाएगा। इसके बाद यह कार्य भी प्रारंभ हो जाएगा। इस टेंडर में सड़कों की सफाई के साथ-साथ सड़कों के आसपास पड़े कूड़ा करकट को उठाने का कार्य भी संबंधित एजेंसी द्वारा ही किया जाएगा।
नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि हाउस टैक्स कलेक्शन का कार्य निरंतर जारी है। चालू वित्त वर्ष में 3 करोड़ रुपए हाउस टैक्स की रिकवरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। अब तक 2 करोड़ 65 लाख की राशि हाउस टैक्स रिकवरी के रूप में जमा हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष निर्धारित लक्ष्य से अधिक हाउस टैक्स रिकवरी होने की उम्मीद है। उन्होंने बकाया टैक्स धारकों से अपील करते हुए कहा है कि वह अपना हाउस टैक्स जमा करवाए, अगर हाउस टैक्स में इसी प्रकार की कोई त्रुटि है तो उसे भी मौके पर ही ठीक किया जा रहा है।
नगर परिषद के अधिकारियों ने आगे बताया कि कुत्तों की नसबंदी का कार्य भी निरंतर जारी है। अब तक उत्तम नगर, शांति निकेतन , सेक्टर 6, आर्य नगर ,जगदीश कॉलोनी, विकास नगर, मॉडल टाउन व नई काठ मंडी क्षेत्र में 575 कुत्तों की नसबंदी का कार्य पूर्ण हो चुका है। नसबंदी के लिए पकड़े गए 575 कुत्तों में से 530 कुत्तों को वापस भी छोड़ा जा चुका है बाकी कुत्ते डॉग शेल्टर केंद्र में मौजूदहै। इनको भी ठीक होने की उपरांत वापस उनके स्थान पर छोड़ दिया जाएगा। बैठक में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

