ऐलनाबाद, 24 मार्च( रमेश भार्गव) सिरसा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसपी राज सिंह ने नाथूसरी चौपटा थाना क्षेत्र के गांव रंधावा में पहुंचकर ग्रामीणों व युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, पंचायत प्रतिनिधि तथा गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।बैठक को संबोधित करते हुए डीएसपी राज सिंह ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जो न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि इस बुराई को जड़ से समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और नशा विरोधी मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। उन्होंने ग्राम पंचायतों, सामाजिक संस्थाओं और यूथ क्लबों से अपील की कि वे इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभाएं, ताकि एक स्वस्थ और नशा मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।डीएसपी ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और युवाओं को खेलों व सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। कई युवा अब शिक्षा और खेलों की ओर रुख कर रहे हैं, वहीं कुछ नशा ग्रस्त युवाओं ने नशा छोड़ने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। ऐसे युवाओं का प्रशासन के सहयोग से इलाज करवाकर उन्हें मुख्यधारा में जोड़ा जा रहा है।उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपने गांव, गली और मोहल्ले की जिम्मेदारी स्वयं लें तथा न तो नशा करें और न ही अपने आसपास नशा बिकने दें। इसके साथ ही गांव में भाईचारे को मजबूत करने, रात्रि में टिकरी पहरा लगाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में गांव के सरपंच और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग का भरोसा दिलाया।

