सिरसा पुलिस की 57 टीमों ने हुड्डा सेक्टर के फ्लैटों में दबिश देकर, नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के घरों पर चलाया सर्च अभियान ।*

ऐलनाबाद, 5 अप्रैल(रमेश भार्गव) नशा तस्करों की सप्लाई चेन तोड़ने एवं नशे की डिमांड को खत्म करने के उद्देश्य से सिरसा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के अंतर्गत आज अल सुबह सिरसा पुलिस की 57 टीमों ने 5 बजे से 8 बजे तक हुड्डा सेक्टर 19 के फ्लैटों में दबिश देकर नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के घरों की तलाशी लेकर विशेष कांबिंग अभियान चलाया गया ।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया की सर्च ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य नशे में संलिप्त व नशे का कारोबार करने वाले लोगों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाने के लिए चलाया जा रहा है । उन्होंने बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान जहां नशे का कारोबार करने वाले के खिलाफ सिरसा पुलिस ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है, वहीं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक भी किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने गली,गांव तथा मोहल्ले की पूरी जिम्मेदारी लें तथा सिरसा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम में बढ़-चढ़कर भाग लें ताकि समाज को पूरी तरह से नशा एंव अपराध मुक्त किया जा सके । नशा मानव जीवन के लिए एक अभिषाप है,इसलिए नशे जैसी सामाजिक बुराई को जड़ मूल से समाप्त करने के लिए समाज के सभी लोगों को आगे आकर नशे का कारोबार करने वालों का सामाजिक बहिष्कार करना चाहिए ।
उन्होंने कहा कि सिरसा पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा समय-समय पर सेमिनार व गोष्ठियों के माध्यम से शहर व गांवों में भ्रमण कर लोगों को नशा जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ लगातार जागरूक भी किया जा रहा है जिसके काफी सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं । उन्होंने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे इस अभियान में सामाजिक संस्थाएं, ग्राम पंचायतें, युवा क्लब व गांव में गठित कमेटियां इस अभियान में जिला पुलिस का पूरा सहयोग करें ताकि इस अभियान को सफलता के शिखर तक ले जाया जा सकें । उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि नशे के खतरे से लड़ने के लिए युवाओं को विशेष रुप से आगे आना चाहिए तभी हम नशा मुक्त समाज की स्थापना कर सकें । उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा समाज को नशामुक्त करने के लिए अथक प्रयास निरंतर जारी हैं और भविष्य में इस तरह के अभियान जारी रहेंगे ।
उन्होंने आमजन से भी अपील करते हुए कहा है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे के कारोबार में संलिप्त है,ऐसे लोगों की सूचना निसंकोच होकर मोबाइन नंबर 88140-11620 व 8814056100 पर पुलिस प्रशासन को दें,ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नशा तस्करों व अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ चलाया जा रहे सर्च अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे । इस सर्च ऑपरेशन के दौरान प्रशिक्षु आईपीएस शिवम यादव,डीएसपी आदर्श दीप,डीसीपी संजीव बल्हारा,डीएसपी राज सिंह, डीएसपी राजेश कुमार,डीएसपी सिद्धार्थ बिश्नोई सहित सैकड़ो पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे ।

