



ऐलनाबाद, 14 अप्रैल( रमेश भार्गव) बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर यूथ क्लब एसोसिएशन सिरसा ने सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव भरोखां के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 57 युवाओं ने रक्तदान किया । इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पुलिस अधीक्षक एसपी दीपक सहारण ने कहा कि रक्तदान को “महादान” क्योंकि यह सीधे-सीधे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन देने का कार्य करता है। आज के समय में जब दुर्घटनाओं, बीमारियों और आपात स्थितियों की संख्या बढ़ रही है, तब रक्त की आवश्यकता भी निरंतर बढ़ती जा रही है। ऐसे में समाज के हर स्वस्थ व्यक्ति, विशेषकर युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। उनकी ऊर्जा, उत्साह और जागरूकता से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। यदि युवा वर्ग नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखे, तो वे नियमित रूप से रक्तदान कर समाज में मानवता की मिसाल पेश कर सकते हैं। जिला पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति आपके आसपास नशा बेचता है या कोई गैरकानूनी धंधों में संलिप्त पाया जाता है तो ऐसे लोगों की सूचना तुरंत प्रभाव से पुलिस को दे ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके । एसपी सहारण ने कहा कि युवा शक्ति देश का भविष्य है और यदि वे अपनी ऊर्जा को मानवता की भलाई के कार्यों में लगाएं, तो समाज में एक अनूठी मिसाल कायम हो सकती है। उन्होंने शिक्षा, खेल और सामाजिक सेवा को अपनाने पर जोर दिया। एसपी ने अभिभावकों और शिक्षकों से भी अपील की कि वे बच्चों को सही मार्गदर्शन दें, ताकि वे नशे से दूर रहकर उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी है, बल्कि यह आत्मसंतोष और सेवा का भी श्रेष्ठ माध्यम है। यह अभियान केवल रक्तदान को बढ़ावा देने का प्रयास नहीं है, बल्कि एक व्यापक सामाजिक आंदोलन है, जो लोगों को आपसी सहयोग, करुणा और संवेदनशीलता के लिए प्रेरित करता है। रक्तदान जाति, धर्म, वर्ग या किसी भी प्रकार के भेदभाव से परे एक ऐसा कार्य है, जो केवल मानवता के आधार पर किया जाता है।हमें यह याद रखना चाहिए कि जब हम रक्तदान करते हैं, तो हम केवल रक्त की कुछ बूंदें नहीं देते, बल्कि किसी माँ को उसका बेटा, किसी बच्चे को उसका पिता और किसी परिवार को उसकी खुशियां लौटाते हैं। यह एक ऐसा दान है, जो जीवन की डोर को फिर से थामने की शक्ति रखता है। उन्होंने कहा कि सभी स्वस्थ नागरिकों से अपील है कि वे जीवन में कम से कम एक बार रक्तदान अवश्य करें और इस महान कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें । इस अवसर पर प्रशिक्षु आईपीएस शिवम यादव,गांव भरोखां की महिला सरपंच स्नेह लता व ढाणी भरोखां का सरपंच मिल्ख राज व गांव बरूवाली प्रथम के सरपंच राजेश कुमार के अलावा अन्य गांव से आए हुए गणमान्य व्यक्ति व गांव के लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे ।

