चूरू, 10 मई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित किए जा रहे ग्राम रथ अभियान अंतर्गत ग्राम रथ रविवार को जिले के तारानगर विधानसभा क्षेत्र के राजपुरा ग्राम पंचायत मुख्यालय पहुंचा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि – अधिकारियों ने ग्राम रथ का स्वागत किया और आमजन को सरकार की योजनाओं से जागरूक करवाया।
इस अवसर पर सूरजगढ़ के पूर्व विधायक सुभाष पूनियां ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब और किसान केंद्रित विकास की भावना के साथ कार्य कर रही है। ग्राम रथ अभियान इसी सोच का परिणाम है, जिसका उद्देश्य अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अभियान की महत्वपूर्ण विशेषता सुझाव पेटिका है, जिसके माध्यम से ग्रामीण अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे सरकार तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के संकल्पित प्रयासों से राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है तथा ग्राम रथ अभियान के तहत प्रशासन द्वारा मौके पर ही समस्याओं के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।
महावीर पूनिया ने कहा कि यशस्वी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान के हर गांव को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के प्रयासों से यमुना का पानी तारानगर सहित चूरू जिले में लाए जाने का कार्य धरातल पर उतर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसान गरीब व पिछड़े वर्ग के लोगों को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित है।
मदन नायक ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और जनसरोकार आधारित प्रशासन को प्राथमिकता दे रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति और तेज हो सके।
अभियान के दौरान कला जत्थों और स्थानीय लोक कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया गया और सरकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विकास अधिकारी अशोक कुमार, सहायक विकास अधिकारी टीकूराम मीणा, श्याम सुन्दर शर्मा, प्रशासक शिवराम सिंह सिहाग, ग्राम विकास अधिकारी दशरथ यादव, मदन नायक, सुरेंद्र भाटिया, मुकेश नायक, मनोज स्वामी, रेंवतमल लाटा,भंवर सिंह, हाजी मुबारक खां, रणजीत तंवर, कुरसेद फौजी, मनोज लाटा, राजेन्द्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

