ब्रेकिंग न्यूज़

महिला आरक्षण कानून लागू करने की मांग को लेकर अभियान शुरू

-महिला कांग्रेस ने हस्ताक्षर व पोस्टकार्ड अभियान चलाकर उठाई ओबीसी, एससी-एसटी महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने की मांग
हनुमानगढ़। महिला कांग्रेस हनुमानगढ़ द्वारा महिला आरक्षण कानून के तत्काल क्रियान्वयन तथा ओबीसी, एससी एवं एसटी वर्ग की महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग को लेकर शनिवार को हस्ताक्षर एवं पोस्टकार्ड अभियान की शुरुआत की गई। अभियान का शुभारंभ जंक्शन स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं कांग्रेस पदाधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलदीप इंदौरा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर  तथा ओबीसी विभाग जिलाध्यक्ष मनमोहन सोनी थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सुलोचना बावरी ने की। अभियान के तहत महिलाओं ने हस्ताक्षर कर केंद्र सरकार से महिला आरक्षण कानून को शीघ्र लागू करने की मांग की। साथ ही पोस्टकार्ड के माध्यम से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुलोचना बावरी ने कहा कि महिला आरक्षण कानून का जल्द लागू होना देश की महिलाओं के राजनीतिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से महिलाएं राजनीति में पर्याप्त प्रतिनिधित्व की मांग कर रही हैं, लेकिन अब तक कानून लागू नहीं होने से महिलाओं को उनका पूरा अधिकार नहीं मिल पाया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महिला आरक्षण कानून में ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग की महिलाओं को भी समान रूप से प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, ताकि समाज के सभी वर्गों की महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो सके।
सांसद कुलदीप इंदौरा ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना लोकतंत्र मजबूत नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के दायरे में समाज के प्रत्येक वर्ग की महिलाओं को न्यायोचित प्रतिनिधित्व मिलना आवश्यक है। जब तक पिछड़े, अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग की महिलाओं को समान अवसर नहीं मिलेगा, तब तक सामाजिक न्याय की अवधारणा अधूरी रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि महिला आरक्षण कानून को बिना किसी देरी के लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक निर्णय प्रक्रिया में बराबरी का अवसर मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सभी वर्गों की महिलाओं को समान भागीदारी सुनिश्चित करना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पोस्टकार्ड लिखकर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का संदेश दिया। उपस्थित महिलाओं ने कहा कि महिला आरक्षण कानून केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकार और सम्मान से जुड़ा विषय है।
इस अवसर पर सावित्री धांधल संगठन मंत्री, मंजू सोनी पीलीबंगा ब्लॉक अध्यक्ष, रेखा राजपूत, मोनिका राजकोर, सरोज भाटी, सोमी देवी सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता एवं महिलाएं मौजूद रहीं। सभी ने अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button