हनुमानगढ़। अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल द्वारा हनुमानगढ़ जिला कार्यकारिणी का गठन करते हुए राधाकृष्ण सिंगला को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद टाउन स्थित सिंगला होटल में प्रथम बैठक एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में समाज के वरिष्ठजनों एवं अग्रबंधुओं ने नव नियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
नवगठित जिला कार्यकारिणी में संरक्षक पद पर राजेश दादरी, जिलाध्यक्ष राधाकृष्ण सिंगला (टीटू), वरिष्ठ उपाध्यक्ष गणेश गोयल, महासचिव महक गर्ग, कोषाध्यक्ष मुरलीधर गर्ग, सहसचिव मनोज सिंगला तथा सहकोषाध्यक्ष योगेश गुप्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर पर नवीन बंसल, शंकर गोयल, राजकुमार गोयल, नितिन खदरीया, पारस गर्ग, नारायण गोयल, वनीत गर्ग, साहिल जिन्द, मनोज गोयल, रोहित गोयल एवं आशीष सिंगला सहित अनेक समाजबंधुओं ने नव नियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए संरक्षक राजेश दादरी ने कहा कि किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता होती है। उन्होंने सभी समाजजनों से आपसी सहयोग, समन्वय और संगठनात्मक भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि सभी सदस्य मिलकर कार्य करेंगे तो अग्रवाल समाज को जिला स्तर पर नई पहचान और मजबूती मिलेगी।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राधाकृष्ण सिंगला ने अपने संबोधन में कहा कि अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी अग्रबंधुओं को एक मंच पर जोड़ना और समाज के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि संगठन सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा कार्यों को प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ेगा। समाज के युवाओं और वरिष्ठजनों के अनुभव का समन्वय कर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष गणेश गोयल ने विशेष रूप से युवाओं से संगठन से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति किसी भी संगठन की सबसे बड़ी पूंजी होती है। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को महासभा की गतिविधियों में भागीदारी निभाने तथा समाजहित के कार्यों में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
बैठक के दौरान संगठन के विस्तार, आगामी सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। उपस्थित समाजजनों ने नई कार्यकारिणी पर विश्वास व्यक्त करते हुए आशा जताई कि उनके नेतृत्व में अखिल भारतीय अग्रवाल महासभा हनुमानगढ़ जिले में सामाजिक एकता, सेवा और संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति प्रदान करेगी। समारोह का समापन सभी पदाधिकारियों के सम्मान और संगठन को सशक्त बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

