15 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान के तहत यातायात पुलिस ने नियम पालन का दिया संदेश*
हनुमानगढ़। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 2 जुलाई से 16 जुलाई तक चलाए जा रहे राज्यव्यापी विशेष हेलमेट जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान के तहत श्रीमान अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात राजस्थान जयपुर तथा जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के आदेशों की पालना में बुधवार को हनुमानगढ़ यातायात पुलिस ने अनूठी पहल करते हुए हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने वाले लोगों का माला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया। अभियान का उद्देश्य आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा हेलमेट के नियमित उपयोग को प्रोत्साहित करना है।
यातायात थानाधिकारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौराहों एवं रेड लाइट प्वाइंट पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात पुलिस के जवानों ने हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे चालकों का माला पहनाकर अभिनंदन किया तथा उन्हें यातायात नियमों की पालना करने के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं, बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को रोककर उन्हें हेलमेट की उपयोगिता समझाई गई और भविष्य में हमेशा हेलमेट पहनने की सलाह दी गई।
थानाधिकारी अनिल चिन्दा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों को कम करने के उद्देश्य से यह 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान आमजन को यह संदेश दिया जा रहा है कि “बिना हेलमेट नहीं सफर” तथा चालक के साथ-साथ सहयात्री के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण होने वाली अधिकांश मौतों को गुणवत्तापूर्ण आईएसआई मार्क हेलमेट पहनकर रोका जा सकता है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायत राज संस्थाओं, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम सभाओं, प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही सोशल मीडिया, प्रचार वाहनों और अन्य माध्यमों से सड़क सुरक्षा संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने अभियान के दौरान तेज गति से वाहन चलाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने, अवैध पार्किंग तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की कि वे स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी हेलमेट पहनने तथा सुरक्षित वाहन चलाने के लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम किया जा सके।

