भादरा: ग्रामीण सेवा शिविर में कवरेज करने गए पत्रकारों पर हमला, कैमरा छीना; आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज
भादरा (हनुमानगढ़)। तहसील के ग्राम पंचायत भनाई में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान कवरेज करने गए स्थानीय सोशल मीडिया चैनल के पत्रकारों पर कुछ दबंगों द्वारा जानलेवा हमला करने और अभद्रता करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में थाना प्रभारी को नामजद लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गदरा निवासी सरजीत सिंह (पुत्र मेवासिहं) अपने सोशल मीडिया न्यूज़ चैनल ‘आवाज न्यूज़ 24×7′ के पत्रकार छगनलाल के साथ शुक्रवार (3 जुलाई) को ग्राम पंचायत भनाई में चल रहे ग्रामीण सेवा शिविर में कवरेज के लिए गए थे।
शिविर के दौरान जब गांव के स्थानीय लोग अपनी समस्याएं और बात चैनल के कैमरे पर रख रहे थे, उसी समय अचानक कुछ लोगों ने एकराय होकर उन पर हमला बोल दिया।
गाली-गलौज कर छीना कैमरा
पीड़ित सरजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि:
”कवरेज के दौरान सरपंच प्रतिनिधि श्रवणसिंह राजपुरोहित, पृथ्वीसिंह राजपुरोहित, छोटूसिंह राठौड़, महेंद्र कड़वासरा, कृष्ण कुमार बुडानिया और राजेंद्रसिंह राठौड़ आदि ने एकराय होकर मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने पत्रकार छगनलाल के हाथ से जबरन कैमरा छीन लिया और गंदी-गंदी गालियां देते हुए कहा कि तुम्हें यहाँ कवरेज नहीं करने देंगे।”
’ऊपर तक पहुंच’ की धौंस दी
शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने पत्रकारों के साथ मारपीट करते हुए अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। आरोपियों ने धौंस जमाते हुए कहा, “हमारी ऊपर तक पहुंच है, तुम लोग हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते। हम तो ऐसे ही अपनी मनमर्जी चलाएंगे।”
फिलहाल प्रार्थी सरजीत सिंह ने भादरा थाना प्रभारी को नामजद रिपोर्ट सौंपकर सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

