Flash Story
झोरड़नाली स्कूल में पुलिस की चौपाल, बच्चों को नशे और साइबर ठगी से बचने का दिया मंत्र
बी. आदित्य, जिला पुलिस अधीक्षक का अभिनव नवाचार
गांव के तालाब से मोटर चोरी का खुलासा, चोरीशुदा मोटर सहित दो आरोपी गिरफ्तार
हर्षवर्धन के प्रथम जन्मदिन पर शिव प्रतिमा निर्माण का संपूर्ण व्यय वहन करेगा न्यौल परिवार
आमजन की समस्याओं के स्थाई समाधान के लिए समन्वय के साथ काम करें :सांसद कुमारी शैलजा
जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन
सुश्री मीनाक्षी अग्रवाल, न्यायाधिकारी ग्राम न्यायालय हनुमानगढ़ द्वारा ग्राम पंचायत रोड़ावाली में विधिक जागरूकता कार्यक्रम
आज श्रीगंगानगर में लगेगा भव्य निःशुल्क आयुर्वेद-नेचुरोपैथी चिकित्सा शिविर
हनुमानगढ़: ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशा तस्कर हिस्ट्रीशीटर जसपाल का 28 लाख का मकान फ्रीज

बी. आदित्य, जिला पुलिस अधीक्षक का अभिनव नवाचार

“सेफ सिटी” अभियान का शुभारंभ, नशामुक्त हनुमानगढ़ की दिशा में ऐतिहासिक पहल

हनुमानगढ़, 25 जुलाई।नशामुक्त, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं अभिनव पहल करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य द्वारा आज “सेफ सिटी” अभियान का शुभारंभ अग्रसेन भवन, हनुमानगढ़ जंक्शन में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने 10 मोटरसाइकिलों पर तैनात 20 पुलिसकर्मियों की विशेष “सेफ सिटी टीम” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह टीम प्रतिदिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहकर नशे की गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य ने कहा कि “सेफ सिटी” अभियान केवल पुलिस का अभियान नहीं, बल्कि पूरे समाज का जनआंदोलन है। इसका उद्देश्य शहर को नशे की गिरफ्त से मुक्त कर सुरक्षित, स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि प्रायः नशा करने वाले व्यक्ति खंडहरों, सार्वजनिक पार्कों, सुनसान स्थानों, खाली भूखंडों, कचरा स्थलों तथा अन्य एकांत इलाकों को अपना अड्डा बना लेते हैं। सेफ सिटी टीम ऐसे स्थानों की पहचान कर नियमित गश्त, निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई करेगी, जिससे शहर में नशे की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से उनकी अध्यक्षता में “सेफ सिटी समिति” का गठन किया जाएगा। इस समिति में व्यापारी वर्ग, शिक्षाविद, चिकित्सक, अधिवक्ता, पूर्व सैनिक, उद्योग एवं व्यापार संगठनों के प्रतिनिधि, बार संघ, मीडिया प्रतिनिधि, महिला प्रतिनिधि, युवा प्रतिनिधि, सीएलजी सदस्य, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs), सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा समाजसेवियों को शामिल किया जाएगा।

समिति की प्रत्येक माह बैठक आयोजित होगी, जिसमें आमजन से प्राप्त सुझावों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी तथा उन सुझावों की समीक्षा कर शहर को और अधिक सुरक्षित एवं नशामुक्त बनाने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

श्री बी. आदित्य ने कहा कि नशे के विरुद्ध केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि कठोर कानूनी प्रावधानों का भी प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-एफ के तहत नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियों को फ्रीज कराया जा रहा है। नशा तस्करों द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं तथा बार-बार नशा तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले अपराधियों के विरुद्ध PIT-NDPS के तहत निरोधात्मक कार्रवाई कर उन्हें एक वर्ष तक निरुद्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि “पुलिस वाला वर्दी पहना हुआ नागरिक है और नागरिक बिना वर्दी का पुलिसकर्मी है। दोनों में केवल वर्दी का अंतर है। यदि समाज और पुलिस साथ मिलकर कार्य करें तो हम अपने परिवार, समाज और देश को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचा सकते हैं तथा राष्ट्र निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।”

इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित सभी नागरिकों को नशा न करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान रेड आर्ट थिएटर ग्रुप, श्रीगंगानगर के श्री विक्रम ज्यानी , उनकी सुपुत्री लक्ष्या ज्यानी तथा ग्रुप सदस्य श्री सहीराम द्वारा नशा मुक्ति विषय पर अत्यंत मार्मिक एवं प्रेरणादायी नाट्य प्रस्तुति दी गई। नाटक के माध्यम से दर्शाया गया कि किस प्रकार नशा युवाओं, परिवारों एवं पूरे समाज को बर्बाद कर रहा है। श्री विक्रम ज्यानी पिछले लगभग आठ वर्षों से लगातार नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चला रहे हैं। उनके द्वारा अब तक लगभग 1300 से अधिक नाट्य प्रस्तुतियाँ दी जा चुकी हैं तथा लगभग पाँच लाख लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जा चुकी है। उनके प्रयासों से प्रेरित होकर अनेक लोगों ने नशे की लत भी छोड़ी है।

कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण पर भी विशेष चर्चा की गई। महिलाओं के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, हनुमानगढ़ पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा हेतु किए जा रहे प्रयासों, साइबर अपराधों से बचाव, गोल्डन ऑवर की महत्ता तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन एवं साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एसके फाइनेंस के सहयोग से 65 दोपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।

कार्यक्रम में  अरविंद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय), राज कंवर , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, SIUCAW,  मीनाक्षी, वृताधिकारी हनुमानगढ़, रामचंद्र कस्वा , थानाधिकारी , पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन,  लखवीर सिंह, थानाधिकारी, पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन,  चंद्रकला, थानाधिकारी, महिला थाना सहित जिले के सीएलजी सदस्यों, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं (NGOs), व्यापारी संगठनों, गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य ने सेफ सिटी टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि इस विशेष टीम में 10 मोटरसाइकिलों पर तैनात 20 पुलिसकर्मी प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक दो शिफ्टों में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गश्त करेंगे। अभियान के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रहेंगे।

उन्होंने बताया कि “सेफ सिटी” अभियान का यह प्रथम चरण है। इसकी सफलता के उपरांत इसे चरणबद्ध रूप से जिले के सभी सर्किलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक विस्तारित किया जाएगा। पुलिस की यह पहल केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जनसहभागिता, जागरूकता और सतत संवाद के माध्यम से पूरे हनुमानगढ़ जिले को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाने का एक व्यापक अभियान बनेगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस एवं समाज की साझेदारी से “सेफ सिटी” अभियान हनुमानगढ़ को नशामुक्त, सुरक्षित एवं जागरूक जिले के रूप में स्थापित करने में मील का पत्थर सिद्ध होगा।

Back To Top