किसानों पर मॉकड्रिल में लाठीचार्ज के प्रदर्शन का आरोप, किसान सभा ने जताया विरोध

– जिला पुलिस अधीक्षक का पुतला फूंककर कार्रवाई की मांग, गलती स्वीकार नहीं करने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
हनुमानगढ़। 
अखिल भारतीय किसान सभा, हनुमानगढ़ के बैनर तले गुरुवार को जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा आयोजित मॉकड्रिल में किसानों को बदनाम करने तथा किसानों पर लाठीचार्ज का प्रदर्शन किए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया गया। तहसील अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान किसान सभा के पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस तरह की प्रस्तुति को किसानों की छवि धूमिल करने वाला बताया।
तहसील अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा ने कहा कि किसान अपने अधिकारों और न्यायोचित मांगों के लिए हमेशा लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करता है। इसके बावजूद आज भी किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जो एक गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजित मॉकड्रिल में किसानों को विरोध प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज झेलते हुए दिखाना और इस प्रकार का दृश्य प्रस्तुत करना किसानों की भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की गतिविधि से किसानों का मजाक उड़ाया गया है, जिसे किसान सभा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगी।
तहसील सचिव मोहन लोहरा ने कहा कि किसान सभा ने इस घटना के विरोध में पूरे जिले के विभिन्न पुलिस थानों पर जिला पुलिस अधीक्षक के पुतले फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि यदि जिला पुलिस अधीक्षक सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार नहीं करते और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने का आश्वासन नहीं देते हैं तो किसान सभा का आंदोलन लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसानों के सम्मान से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके संघर्ष तथा सम्मान को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। किसान सभा ने प्रशासन से मांग की कि भविष्य में किसी भी प्रशिक्षण या मॉकड्रिल में किसानों की छवि को नकारात्मक रूप से प्रस्तुत करने से बचा जाए तथा किसानों के सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाए।
इस विरोध प्रदर्शन में किसान सभा के तहसील अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, तहसील सचिव मोहन लोहरा, वेद मक्कासर, देवीलाल धोदीपाल, लालचंद वर्मा, जगदीश शर्मा, विक्रम शर्मा, बलदेव सरपंच, कोमल सिरावता, गुरु नायक सिंह, बलजिंदर सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Back To Top