-स्वर्गीय पवन अग्रवाल की पुण्य स्मृति में परिवार ने सौंपी एंबुलेंस, बीमार एवं असहाय गोवंश को मिलेगी त्वरित चिकित्सा सुविधा
हनुमानगढ़। फाटक गौशाला, बरकत कॉलोनी, किले के पास हनुमानगढ़ टाउन में श्री गौ सेवा संस्थान के तत्वावधान में गौ पूजन एवं गौ एंबुलेंस अनावरण कार्यक्रम श्रद्धा और सेवा भाव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गौ भक्तों एवं शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर बीमार, दुर्घटनाग्रस्त एवं असहाय गोवंश की त्वरित चिकित्सा एवं सेवा के उद्देश्य से गौ एंबुलेंस समर्पित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत गौ पूजन के साथ पंडित रामप्रताप शास्त्री, पंडित राम प्रकाश शास्त्री द्वारा विधिवत मंत्रोऊचारनो के साथ करवाया । गौ भक्तों ने गोवंश का पूजन कर सुख-समृद्धि एवं स्वस्थ समाज की कामना की। इसके बाद गौ एंबुलेंस का अनावरण शहर के गणमान्य गो सेवको व अग्रवाल परिवार द्वारा किया गया। यह एंबुलेंस स्वर्गीय पवन अग्रवाल, भूतपूर्व सभापति नगर परिषद हनुमानगढ़, की पुण्य स्मृति में उनके परिवार द्वारा सप्रेम गौ सेवा के लिए समर्पित की गई है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले, बीमार अथवा बेसहारा गोवंश को समय पर उपचार और सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में यह गौ एंबुलेंस महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कई बार दुर्घटना के बाद घायल गोवंश सड़क पर ही पड़ा रहता है और समय पर सहायता नहीं मिलने के कारण उसकी स्थिति गंभीर हो जाती है। ऐसी परिस्थितियों में एंबुलेंस के माध्यम से तत्काल मौके पर पहुंचकर गोवंश को उपचार उपलब्ध कराने तथा आवश्यकतानुसार गौशाला तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी। श्री गौ सेवा संस्थान के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया गौ सेवा केवल धार्मिक भावना ही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का भी विषय है। संस्थान लंबे समय से असहाय एवं जरूरतमंद गोवंश की सेवा के लिए प्रयासरत है। गौ एंबुलेंस की सुविधा शुरू होने से सेवा कार्य को और गति मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर उपस्थित गौ भक्तों ने स्वर्गीय पवन अग्रवाल की पुण्य स्मृति में उनके परिवार द्वारा किए गए इस सेवा कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि गौ सेवा के लिए एंबुलेंस समर्पित करना समाज के अन्य लोगों को भी सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करने वाला कदम है। कार्यक्रम के दौरान गौ सेवा के प्रति समर्पण, घायल एवं असहाय गोवंश की मदद तथा जरूरतमंद पशुओं को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया। आयोजन में उपस्थित लोगों ने गौ सेवा के इस पुनीत कार्य में निरंतर सहयोग देने की बात कही। कार्यक्रम का समापन गौ सेवा एवं गोवंश की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।

