अंतरराज्यीय शराब तस्करी पर हनुमानगढ़ पुलिस का शिकंजा, 1 करोड़ की अवैध शराब जब्त

अंतरराज्यीय शराब तस्करी पर हनुमानगढ़ पुलिस का शिकंजा, 1 करोड़ की अवैध शराब जब्त

हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ हनुमानगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक करोड़ रुपये कीमत की अवैध शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान चंडीगढ़ निर्मित 530 पेटी शराब सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी आटे के गट्टों की आड़ में चंडीगढ़ से अवैध शराब ट्रक के माध्यम से गुजरात सप्लाई करने की फिराक में थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली, जिसमें अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।

कार्रवाई थाना भादरा पुलिस द्वारा की गई। पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में दलीप उर्फ दीप, निवासी नेठराना, थाना गोगामेड़ी तथा विक्रम, निवासी नेठराना, थाना गोगामेड़ी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दलीप उर्फ दीप के खिलाफ पूर्व में गुजरात राज्य के पुलिस थाना कटवारा में शराब तस्करी का मामला दर्ज है और वह कुछ माह पूर्व जमानत पर बाहर आया था। वहीं आरोपी विक्रम के खिलाफ पूर्व में पाली जिले के पुलिस थाना रोहट में शराब तस्करी का प्रकरण दर्ज बताया गया है और वह भी कुछ माह पूर्व जमानत पर बाहर आया था।

पुलिस ने बताया कि इस शराब तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। गिरोह के नेटवर्क, शराब की सप्लाई और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका को लेकर विस्तृत अनुसंधान जारी है।

ट्रक से बरामद हुई 530 पेटी शराब

पुलिस के अनुसार दिनांक 19 अगस्त 2026 की रात कस्बा भादरा में गश्त के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध ट्रक कस्बा भादरा की ओर आ रहा है, जिसमें अवैध शराब भरी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कनाल कॉलोनी, कस्बा भादरा के पास संदिग्ध ट्रक को रुकवाकर उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ट्रक में आटे के गट्टों के नीचे छिपाकर रखी गई चंडीगढ़ निर्मित विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 530 पेटियां बरामद हुईं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब और ट्रक को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में प्रकरण संख्या 328/2026, धारा 19/54 राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

पुलिस टीम की भूमिका

कार्रवाई में थाना भादरा पुलिस के साथ जिला साइबर सेल हनुमानगढ़ की टीम का भी सहयोग रहा। पुलिस टीम में सुमेर सिंह सगनी, जगदीश प्रसाद सगनी, राजेन्द्र प्रसाद सगनी सहित थाना भादरा के पुलिसकर्मी और जिला साइबर सेल हनुमानगढ़ के कर्मचारी शामिल रहे।

विशेष भूमिका में प्रवीण कुमार सगनी, थाना गोगामेड़ी, तथा सुरेन्द्र खींचड़ और अरविन्द सिंह, एजीटीएफ हनुमानगढ़ का सहयोग रहा।

गिरफ्तार आरोपी

1. दलीप उर्फ दीप, पुत्र श्री रणजीत धाणक, उम्र करीब 33 वर्ष, निवासी खेत खुद रोही, नेठराना, थाना गोगामेड़ी, जिला हनुमानगढ़।

2. विक्रम, पुत्र कालूराम नायक, उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी शिव कॉलोनी, नेठराना, थाना गोगामेड़ी, जिला हनुमानगढ़।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और गुजरात तक अवैध शराब पहुंचाने में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। हनुमानगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतरराज्यीय शराब तस्करी पर प्रभावी रोकथाम के लिए आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Back To Top