ब्रेकिंग न्यूज़

सीटू भवन निर्माण मिस्त्री मजदूर यूनियन का तीसरा जिला सम्मेलन सम्पन्न

-कामरेड शेर सिंह शाक्य निर्वाचित अध्यक्ष, श्रमिक अधिकारों पर संघर्ष तेज करने का संकल्प
हनुमानगढ़। राजस्थान भवन निर्माण मिस्त्री मजदूर यूनियन सीटू का तीसरा जिला सम्मेलन रविवार को जनशक्ति भवन, हनुमानगढ़ टाउन में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता मंगा सिंह, देव सिंह और सेवक सिंह की तीन सदस्यीय अध्यक्ष मंडली ने की। सम्मेलन का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसे सीटू के जिला अध्यक्ष कामरेड आत्मा सिंह ने किया। मंच संचालन का दायित्व कामरेड बसंत सिंह ने निभाया। सम्मेलन की शुरुआत शहीदों और दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इस अवसर पर केरल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व पोलित ब्यूरो सदस्य कामरेड वी.एस. अचुत्यानंदन, प्राकृतिक आपदाओं व बाढ़ में मृत लोगों, देश के विभिन्न हिस्सों में जनवादी आंदोलनों में शहीद साथियों तथा सीमा पर शहीद हुए सैनिकों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। इसके उपरांत सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए CWFI की राष्ट्रीय कमेटी के सदस्य कामरेड हर केवल दीप सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा निर्माण श्रमिकों के लिए चल रही अधिकांश योजनाओं को बंद कर दिया गया है। श्रमिकों को न तो पंजीयन के बाद डायरियां उपलब्ध हो रही हैं और न ही वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। सुरक्षा साधनों के अभाव में निर्माण श्रमिक आए दिन दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं, लेकिन उन्हें न तो दुर्घटना बीमा मिलता है और न ही मुआवजा। उन्होंने कहा कि मजदूरों की जान की कीमत जानवरों से भी सस्ती कर दी गई है, जबकि चारों ओर ऊंची-ऊंची इमारतों का निर्माण जारी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आने वाले समय में हनुमानगढ़ जिले के गांव-गांव में निर्माण श्रमिकों को संगठित कर कमेटियों का गठन किया जाएगा। इस अभियान के तहत 3000 सदस्यता का लक्ष्य रखा गया है। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजदूरों की समस्याओं को लेकर संघर्ष तेज किया जाएगा। सम्मेलन में रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिस पर छह साथियों ने विस्तार से चर्चा की। बहस के बाद सर्वसम्मति से रिपोर्ट को पारित कर नई 19 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस कार्यकारिणी में कामरेड शेर सिंह शाक्य को जिला अध्यक्ष, कामरेड बहादुर सिंह चौहान को जिला सचिव, कामरेड बसंत सिंह को कोषाध्यक्ष, मंगा सिंह को उपाध्यक्ष, दर्शन सिंह सेवक सिंह, देव सिंह को उपाध्यक्ष, राजेंद्र सोनी, जरनेल सिंह, काला सिंह, सुरेंद्र सोनी और राकेश कुमार को संयुक्त सचिव चुना गया। वहीं जगदीश, लक्की, जितेंद्र दास, संदीप, गोरीशंकर, राजवीर सिंह और सुरेश पेंटर को कमेटी सदस्य नियुक्त किया गया, जबकि दो स्थान रिक्त रखे गए।
नई कार्यकारिणी के गठन के बाद सीटू जिला अध्यक्ष कामरेड आत्मा सिंह ने सभी पदाधिकारियों को बधाई दी और आशा जताई कि नई टीम श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और आंदोलनों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष कामरेड शेर सिंह शाक्य ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि मजदूरों को अधिकार केवल संघर्ष के बल पर ही मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान ने आम जनता को अनेक अधिकार प्रदान किए हैं, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार संविधान पर हमला कर मजदूरों के तमाम अधिकारों को चार लेबर कोड में समेट कर खत्म करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आह्वान किया कि हनुमानगढ़ जिले में निर्माण श्रमिकों की व्यापक एकता कायम कर एकजुट संघर्ष की आवश्यकता है। तभी मजदूरों के हितों की रक्षा की जा सकेगी और उन्हें उनका हक दिलाया जा सकेगा। सम्मेलन में बड़ी संख्या में निर्माण श्रमिक, यूनियन पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने नए नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए संघर्ष की राह पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
Navratan Bharat

Related Articles

Back to top button