ऐलनाबाद , 13 मार्च( रमेश भार्गव )जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की किसी प्रकार की कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल तथा रसोई गैस उपलब्ध है। इसलिए आमजन को किसी भी तरह की घबराहट या पैनिक की स्थिति में आने की आवश्यकता नहीं है। आमजन किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें, और अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आमजन को घरेलू गैस प्राप्त करने में कोई परेशानी न हो और गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और विभागीय टीमें लगातार फील्ड में उतर कर कड़ी निगरानी रख रही है। जिला में स्थिति सामान्य है, गत दिवस के आंकड़ों पर नजर डालें तो लगभग 7400 सिलेंडर वितरित किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग या किसी अन्य उद्देश्य के लिए प्रयोग नहीं होना चाहिए। इसके अलावा सिलेंडरों की ओवरचार्जिंग और डबल स्टॉकिंग पर भी पूरी तरह प्रतिबंध के लिए विभागीय टीमें निगरानी कर रही है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह ने बताया कि व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी डीलरों को एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के लिए कहा गया है। साथ ही विपणन कंपनियों को प्रतिदिन जिला प्रशासन को स्टॉक और आपूर्ति से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं। विभाग के एएफएसओ के नेतृत्व में पांच टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि यदि कोई असामाजिक तत्व बाजार में कृत्रिम कमी पैदा करने, जमाखोरी या कालाबाजारी करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

