ऐलनाबाद,23 मार्च (रमेश भार्गव) डीएसपी राज सिंह ने डिंग थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव थैहड़ी बाबा सावन सिंह,कंवरपुरा में पहुंचकर ग्रामीणों से जन संवाद कर उपस्थित लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर गांव के गणमान्य नागरिक, युवा वर्ग, महिलाएं एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। डीएसपी राज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर अभिशाप है, जो विशेष रूप से युवाओं को अपनी गिरफ्त में लेकर उनके भविष्य को अंधकारमय बना देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे को जड़ से समाप्त करने के लिए आगे आएं और समाज में सकारात्मक बदलाव के प्रत्येक व्यक्ति अपनी अहम जिम्मेदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जब युवा नशे की दलदल में फंस जाते हैं तो अक्सर वे नशे की पूर्ति के लिए चोरी, लूट, डकैती जैसी आपराधिक घटनाओं की ओर अग्रसर हो जाते हैं, जिससे उनका जीवन और परिवार दोनों प्रभावित होते हैं।उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि गांव में भाईचारा मजबूत बनाए रखें तथा छोटे-मोटे आपसी विवादों को पंचायत स्तर पर सुलझाने का प्रयास करें। सामाजिक सौहार्द और पारस्परिक सहयोग से ही गांव को नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाया जा सकता है।डीएसपी राज सिंह ने अभिभावकों को विशेष रूप से जागरूक करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों पर ध्यान दें और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखें। बच्चों और युवाओं को खेल, शिक्षा एवं सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना अत्यंत आवश्यक है।इसके अतिरिक्त, उन्होंने गांव में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए टिकरी पहरा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि गांव में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने नशा मुक्त समाज बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि नशा एक जहर है और इस जहर से अपने बच्चों को बचाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अहम भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए । इस अवसर पर डिंग थाना प्रभारी एवं गांवों के सरपंच व अन्य गणमान्य लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे

