*हाउस लिस्टिंग एप का दिया गया विस्तृत प्रशिक्षण*
– *भविष्य की योजनाएं बनाने में जनगणना कार्य महत्वपूर्ण: डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर हिमांशु*
–
ऐलनाबाद , 24 मार्च( रमेश भार्गव )
जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर मंगलवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में तहसीलदार कम चार्ज जनगणना अधिकारी, जनगणना क्लर्क, तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षण दिया गया।
डिवीजन इंचार्ज राधारमण व डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर हिमांशु ने कार्यशाला के दौरान ट्रेनर्स को हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन के तहत पूछे जाने वाले 34 प्रश्नों की पूरी प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। इन प्रश्नों में परिवार की संरचना, आवास की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं और अन्य सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से संबंधित जानकारी शामिल है। उन्होंने बताया कि इन प्रश्नों के सही और सटीक उत्तर जनगणना कार्य को बेहतर बनाते हैं।
इसके अलावा, प्रतिभागियों को डिस्ट्रिक्ट सेंसस हैंडबुक के महत्व और उसके उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि यह हैंडबुक किसी जिले के जनसांख्यिकीय, सामाजिक और आर्थिक आंकड़ों का महत्वपूर्ण स्रोत होती है, जो भविष्य की योजनाओं और नीतियों के निर्माण में सहायक होती है।
प्रशिक्षण में यह भी समझाया गया कि घरों की गणना तक सही तरीके से कैसे पहुंचा जाए और प्रत्येक मकान की पहचान सुनिश्चित की जाए। इसके लिए फील्ड में लेआउट मैप तैयार करने और क्रमबद्ध तरीके से घरों की सूची बनाने पर जोर दिया गया, ताकि कोई भी घर गणना से छूट न जाए।
साथ ही, पोर्टल पर गणना ब्लॉक तैयार करने और उसे अपडेट करने की प्रक्रिया भी विस्तार से बताई गई। ट्रेनर्स को बताया गया कि गणना ब्लॉक जनगणना का एक महत्वपूर्ण घटक है, जिसके माध्यम से किसी क्षेत्र की सटीक गणना और रिकॉर्ड तैयार किया जाता है।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सर्वे के दौरान घर-घर जाकर लोगों से विनम्र और मित्रतापूर्ण व्यवहार करें.

