ऐलनाबाद, 31 मार्च (रमेश भार्गव) जिला की विभिन्न पुलिस टीमों ने गश्त के दौरान अलग-अलग जगहों से तीन युवकों को लाखों रुपए की 28 ग्राम 364 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है । इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए एबीवीटी स्टाफ सिरसा पुलिस टीम के प्रभारी ने बताया कि एबीवीटी स्टाफ सिरसा की एक पुलिस टीम सुरखाब चौक सिरसा की तरफ जारी थी। इस दौरान एक बाइक सवार युवक सामने से आता हुआ दिखाई दिया। उक्त बाइक सवार युवक ने सामने पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक बाइक को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया तो पुलिस पार्टी ने शक के आधार आरोपी युवक सतीश कुमार उर्फ नोनी पुत्र पवन कुमार निवासी गली नंबर 3 इंदिरा कॉलोनी सिरसा को काबू कर राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली तो उसके कब्ज से 14 ग्राम 27 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई ।उन्होंने बताया कि वहीं एक अन्य घटना में सीआईए सिरसा की एक पुलिस टीम नहर पुल मलड़ी रोड़ रोड़ी की तरफ जा रही थी । इस दौरान बाइक सवार युवक सामने से आता हुआ दिखाई दिया । उक्त बाइक सवार युवक ने सामने पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक बाइक को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया तो पुलिस पार्टी ने शक के आधार आरोपी युवक गुरप्रीत पुत्र गुरमीत सिंह निवासी गांव रोड़ी जिला सिरसा को काबू कर राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली तो उसके कब्ज से 8 ग्राम 300 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई ।
जबकि एक अन्य घटना में सीआईए ऐलनाबाद की एक पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान वार्ड नंबर 13 रानियां के पास मौजूद थी । इसी दौरान गली की तरफ सामने से एक व्यक्ति पैदल आता हुआ दिखाई दिया । उक्त व्यक्ति ने सामने पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक वापस मुड़कर भागने का प्रयास किया तो पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी व्यक्ति सुखवंत सिंह उर्फ सूखा पुत्र दर्शन सिंह निवासी वार्ड नंबर 13 को काबू कर राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली तो उसके कब्जा से 6 ग्राम 37 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई । एबीवीटी प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर जांच संबंधित थानों को सौंपी गई है । उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवकों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान आरोपियो से पूछताछ कर हेरोइन तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में नाम पता मालूम कर उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।

