Flash Story
हनुमानगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹5000 का इनामी हिस्ट्रीशीटर नरेश भादू अवैध पिस्तौल व कारतूस के साथ गिरफ्तार
मकून्स प्राइमरी विंग, सरस्वती कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों ने किया इस्कोन मंदिर का सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक भ्रमण
स्थापना दिवस तभी सार्थक है, जब उसका उत्सव समाज के काम आए – आशीष विजय
19 जुलाई को सूरतगढ़ में लगेगा भव्य निःशुल्क आयुर्वेद-नेचुरोपैथी चिकित्सा शिविर
ऐलनाबाद में श्रद्धा और भक्ति का उमड़ा सैलाब
श्रीमद्भागवत कथा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया
19 दिनों से अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक की चिंता पूरे देश के युवाओं की चिंता : कुमारी सैलजा
चौधरी मनीराम झोरड़ राजकीय महाविद्यालय मिठी सुरेरा ऐलनाबाद को सरपंच ने वाटर कूलर भेंट किया
नकली नोट सप्लाई करने वाला, हिस्ट्रीशीटर भूरिया तीन दिन के रिमांड पर, जेल से प्रोडक्शन पर

कला और ज्ञान के महाकुंभ की शुरुआत, हनुमानगढ़ गॉट टैलेंट से प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ जिला स्थापना दिवस-2026 के अवसर पर जिले की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और नई पीढ़ी को स्थानीय इतिहास, संस्कृति एवं विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से कार्यालय मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, हनुमानगढ़ की ओर से हनुमानगढ़ गॉट टैलेंट कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के मूल निवासियों के लिए ऑनलाइन चित्रकला प्रतियोगिता तथा विद्यालयी विद्यार्थियों के लिए त्रिस्तरीय सामान्य ज्ञान (क्विज) प्रतियोगिता आयोजित होगी। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य प्रतिभागियों में अपने जिले के गौरवशाली अतीत, समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और विकसित भविष्य के प्रति जागरूकता एवं गर्व की भावना विकसित करना है।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कड़ेला ने बताया कि इस वर्ष दोनों प्रतियोगिताओं की थीम “मेरा हनुमानगढ़ : ऐतिहासिक विरासत से विकसित भविष्य की ओर” निर्धारित की गई है। प्रतिभागी इस विषय पर जिले की ऐतिहासिक धरोहर, कालीबंगा सभ्यता, सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, विकास कार्यों तथा भविष्य की संभावनाओं को अपनी कला और ज्ञान के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे।
ऑनलाइन चित्रकला प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले के सभी मूल निवासी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता जूनियर एवं सीनियर दो वर्गों में आयोजित होगी। जूनियर वर्ग में 9 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष से कम आयु के प्रतिभागी तथा सीनियर वर्ग में 18 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु के प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रतिभागियों को निर्धारित विषय पर ए-3 आकार की ड्राइंग शीट पर चित्र बनाकर उसकी स्पष्ट फोटो 11 जुलाई 2026 को शाम 5 बजे तक गूगल फॉर्म (https://forms.gle/xddwcm49qroMYPrx7) के माध्यम से अपलोड करनी होगी। प्रारंभिक चयन के बाद चयनित प्रतिभागियों को अपनी मूल चित्रकला एवं पहचान-पत्र के साथ विभाग द्वारा निर्धारित स्थान पर उपस्थित होना होगा। प्रतियोगिता की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए आवश्यक होने पर निर्णायक मंडल के समक्ष उसी विषय पर ऑन-द-स्पॉट स्केच भी बनवाया जा सकता है।
विद्यालयी विद्यार्थियों के लिए आयोजित सामान्य ज्ञान (क्विज) प्रतियोगिता राजकीय तथा गैर-राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए होगी। प्रतियोगिता जूनियर (कक्षा 6 से 8) तथा सीनियर (कक्षा 9 से 12) वर्गों में आयोजित की जाएगी। प्रत्येक विद्यालय प्रत्येक वर्ग में दो सदस्यीय एक टीम भेज सकेगा।
क्विज प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित होगी। 10 जुलाई को ग्राम पंचायत स्तर पर प्रतियोगिता होगी, जिसमें विजेता टीमें 11 जुलाई को ब्लॉक स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। इसके बाद प्रत्येक ब्लॉक से चयनित टीमें 12 जुलाई को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी। जिला स्तर पर दोनों वर्गों में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता के प्रश्न हनुमानगढ़ के इतिहास, कालीबंगा एवं सिंधु सभ्यता, घग्घर नदी, पुरातात्विक धरोहर, भूगोल, लोक संस्कृति, प्रमुख व्यक्तित्व, कृषि एवं सिंचाई, शिक्षा, खेल, पर्यटन, सरकारी योजनाओं तथा जिले से जुड़े समसामयिक विषयों पर आधारित होंगे। इससे विद्यार्थियों में अपने जिले के प्रति ज्ञान, जिज्ञासा और स्थानीय पहचान मजबूत होगी।
प्रतियोगिताओं में व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से सभी पीईईओ, राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों तक सूचना पहुंचाई जा रही है। साथ ही डिजिटल पोस्टर, सोशल मीडिया, क्यूआर कोड और गूगल फॉर्म के जरिए भी प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि जिले का प्रत्येक पात्र प्रतिभागी इस आयोजन से जुड़ सके।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कड़ेला ने जिले के सभी विद्यालयों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन हनुमानगढ़ की समृद्ध विरासत, संस्कृति और विकास यात्रा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि “अपना हनुमानगढ़ जानें, अपनी प्रतिभा दिखाएँ और जिले का गौरव बढ़ाएँ।”

Back To Top