– आरटीओ के आश्वासन पर खुला जाम, मांगें पूरी नहीं होने पर बुधवार से फिर आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। ट्रक यूनियन हनुमानगढ़ के नेतृत्व में ट्रांसपोर्टरों ने वीएलटीडी (VLTD) डिवाइस, परमिट जारी करने में हो रही देरी तथा ई-डिटेक्शन चालानों के नियमों के विरोध में सोमवार को कोहला भारतमाला मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुए आंदोलन के चलते भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर ट्रकों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा और ट्रांसपोर्ट कारोबार भी ठप रहा। आंदोलन में बड़ी संख्या में ट्रक संचालक, ट्रांसपोर्टर और चालक शामिल हुए।
आंदोलन के दौरान ट्रक यूनियन की ओर से धरना स्थल पर ट्रक चालकों और आंदोलन में शामिल लोगों के लिए छाया, पेयजल, चाय तथा लंगर की समुचित व्यवस्था की गई। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और सरकार तक ट्रांसपोर्टरों की समस्याएं पहुंचाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया।
ट्रक यूनियन के प्रधान लीलाधर शर्मा तथा जुगल किशोर राठी ने आरोप लगाया कि सरकार ने वीएलटीडी डिवाइस, परमिट और ई-डिटेक्शन चालान से जुड़े नए नियम तो लागू कर दिए, लेकिन इनके क्रियान्वयन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं की गईं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन प्रक्रियाएं सुचारु नहीं होने और तकनीकी खामियों के कारण ट्रांसपोर्टरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई वाहन परमिट नहीं बनने के कारण खड़े हैं, जबकि ई-डिटेक्शन के माध्यम से ऐसे चालान भी किए जा रहे हैं, जिनमें वाहन संचालकों की कोई गलती नहीं होती।
यातायात सलाहकार संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुशील कुकरेजा ने कहा कि सरकार बिना पर्याप्त तैयारी के नियम लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाना चाहिए था, उसके बाद नियम लागू किए जाते। वर्तमान स्थिति में ट्रक चालकों और ट्रांसपोर्टरों को अनावश्यक आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है तथा उन्हें नाजायज चालानों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से नियमों की प्रक्रिया को सरल और व्यवहारिक बनाने की मांग की।
दोपहर करीब 12 बजे जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता कर स्थिति सामान्य बनाने का प्रयास किया। हालांकि ट्रांसपोर्टरों ने अधिकारियों के जवाबों को संतोषजनक नहीं माना और वार्ता किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद आंदोलन पूर्ववत जारी रहा और भारतमाला मार्ग पर ट्रकों की लंबी कतारें लगी रहीं।
बाद में दोपहर लगभग 3 बजे बीकानेर के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) हनुमानगढ़ पहुंचे और ट्रक यूनियन प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत वार्ता की। वार्ता के दौरान आरटीओ ने आश्वासन दिया कि परमिट जारी करने की प्रक्रिया में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक समस्याओं का समाधान अगले दिन तक कर दिया जाएगा तथा लंबित परमिट जारी कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही संबंधित प्रक्रिया को भी व्यवस्थित किया जाएगा।
आरटीओ के आश्वासन के बाद ट्रक संचालकों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित कर चक्काजाम समाप्त कर दिया। हालांकि यूनियन नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मंगलवार तक परमिट जारी नहीं किए गए और समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो बुधवार को एक बार फिर भारतमाला मार्ग पर चक्काजाम कर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। ट्रांसपोर्टरों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

