-सात दिन का अल्टीमेटम, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
*हनुमानगढ़।* भारत की जनवादी नौजवान सभा (डीवाईएफआई) की जिला कमेटी ने बुधवार को जिला सचिव वेद मक्कासर के नेतृत्व में अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर श्रीगंगानगर मार्ग स्थित चक 1 एसटीजी (चर्च कॉलोनी) में पेयजल आपूर्ति को अविलंब बहाल करने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर क्षेत्र में नियमित पेयजल व्यवस्था शुरू नहीं की गई तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा।
ज्ञापन में बताया गया कि विधानसभा चुनाव से पूर्व चर्च कॉलोनी के लगभग 70 परिवारों को पेयजल संकट से राहत दिलाने के उद्देश्य से सरकारी धन से नई पेयजल पाइपलाइन बिछाई गई थी। इसके बाद जलदाय विभाग और नगर परिषद द्वारा नियमित रूप से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति भी की जा रही थी, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली थी।
डीवाईएफआई ने आरोप लगाया कि वर्तमान में नगर परिषद प्रशासन “कॉलोनी कवर्ड नहीं है” का तर्क देकर पेयजल आपूर्ति बंद किए हुए है, जबकि पहले इसी पाइपलाइन के माध्यम से नियमित जलापूर्ति की जा रही थी। संगठन ने सवाल उठाया कि यदि कॉलोनी तकनीकी रूप से स्वीकृत नहीं थी तो चुनाव से पहले पाइपलाइन बिछाकर जलापूर्ति क्यों शुरू की गई। चुनाव के बाद सुविधा बंद करना आम जनता के साथ अन्याय और भेदभावपूर्ण रवैया है।
जिला सचिव वेद मक्कासर ने कहा कि पेयजल प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है और किसी भी परिवार को प्रशासनिक लापरवाही के कारण इस अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतिम छोर तक पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात करती है, लेकिन स्थानीय प्रशासन सरकार की मंशा के विपरीत कार्य कर रहा है। इससे क्षेत्र के लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
डीवाईएफआई ने ज्ञापन के माध्यम से विभाग को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित अवधि में चर्च कॉलोनी में नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो संगठन स्थानीय निवासियों के साथ उग्र एवं चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा। इसमें धरना-प्रदर्शन, विभाग का घेराव तथा आवश्यकता पड़ने पर चक्का जाम जैसे कार्यक्रम भी शामिल होंगे।
संगठन ने कहा कि यदि आंदोलन की स्थिति बनती है और कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है तो इसकी समस्त नैतिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी जलदाय विभाग और नगर परिषद प्रशासन की होगी। डीवाईएफआई ने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन से शीघ्र समाधान निकालने और चर्च कॉलोनी के सभी परिवारों को नियमित एवं सुचारू पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।
इस मौके पर बलकरण सिंह, राजेश सहनी, दिनेश ठाकुर, सरबजीत कौर, अंजनी देवी, उपासना देवी, रानी देवी, सोपत राम, अंशू देवी, योगेश, सुनीता, रमन कौर, रखा, ज्वान्या कुमारी, रोशन सहनी, रोशनी, जसकरण सिंह, निका सिंह व अन्य कॉलोनीवासी मौजूद थे।

