महिला सुरक्षा का दिया मंत्र, नशे के खिलाफ बुलंद की आवाज

-महावीर इंटरनेशनल वीरा केंद्र के नेतृत्व में छात्राओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति का दिया संदेश
हनुमानगढ़। 
समाज में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी देने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से महावीर इंटरनेशनल वीरा केंद्र के नेतृत्व में गुरुवार को टाउन स्थित वीएम पब्लिक स्कूल में महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं साइबर जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कंवर मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम के दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, सेफ सिटी अभियान, राजकॉप ऐप, आत्मरक्षा एवं पोक्सो एक्ट की जानकारी दी, वहीं साइबर विशेषज्ञों ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए तथा चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। मुख्य अतिथि एएसपी राज कंवर ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। यदि किसी बच्ची या महिला के साथ कोई अपराध होता है और उसकी जानकारी होने के बावजूद उसे छिपाया जाता है, तो यह भी अपराध को बढ़ावा देने जैसा है। ऐसी किसी भी घटना की सूचना तुरंत अपने परिजनों और पुलिस को दें, ताकि समय रहते पीड़िता को न्याय मिल सके और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हो।उन्होंने जिले में बढ़ रहे नशे पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के सहयोग से ही नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। कार्यक्रम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने छात्राओं को सेफ सिटी अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई युवक पीछा करे, छेड़छाड़ करे या किसी भी प्रकार से परेशान करे तो ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत पुलिस से संपर्क करें और आत्मरक्षा के तरीकों का प्रयोग करें। यूनिट ने छात्राओं को सेल्फ डिफेंस का लाइव डेमो देकर कई महत्वपूर्ण तकनीकों का अभ्यास भी कराया। साथ ही राजकॉप ऐप की उपयोगिता और आपातकालीन स्थिति में उसके माध्यम से तुरंत सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई।कार्यक्रम में साइबर विशेषज्ञ रिंकल गर्ग ने छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि वर्तमान समय में फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग और डिजिटल ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने छात्राओं से किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एम.पी. शर्मा ने छात्राओं को ब्रेस्ट कैंसर के शुरुआती लक्षण, समय पर जांच, उपचार एवं बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए कहा कि जागरूकता और नियमित जांच से इस बीमारी का समय रहते उपचार संभव है।व्यापार मंडल शिक्षा समिति के अध्यक्ष बालकृष्ण गोल्याण ने कहा कि वर्तमान समय में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। इससे छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे कानून, आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति अधिक जागरूक बनती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ सुरक्षा संबंधी जानकारी भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कार्यक्रम में वीएम कॉलेज की प्राचार्य नीलम गौर, वीएम स्कूल की प्राचार्य किरण राठौड़, डॉ. अनीता शर्मा, मंजू दत्ता, कोमल मूरजानी, पायल, ऋतिका, शेफाली मिड्ढा, दीपिका जैन, पिंकी सांकलेचा, संतोष बंथिया, सुचेता जैन, अविशी, पूजा जैन, देविका, विनीता बैद सहित महाविद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। महावीर इंटरनेशनल वीरा केंद्र के नेतृत्व में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति सक्षम बनाना, महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी देना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और नशा मुक्ति का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कंचन गुप्ता ने कहा कि आज के समय में बेटियों के लिए केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि आत्मरक्षा, कानूनी जानकारी और डिजिटल सुरक्षा की समझ भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूक बेटी ही सुरक्षित बेटी होती है। ऐसे कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास पैदा करते हैं और उन्हें हर परिस्थिति का साहसपूर्वक सामना करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने छात्राओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना झिझक अपने अभिभावकों एवं पुलिस से संपर्क करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महावीर इंटरनेशनल वीरा केंद्र भविष्य में भी समाजहित से जुड़े ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा, ताकि युवा पीढ़ी सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बन सके।

Back To Top