– तरुण विजय के नेतृत्व में हनुमानगढ़ में मिठाई बांटकर जताई खुशी

हनुमानगढ़। सादुलशहर के पूर्व विधायक जगदीश जांगिड़ को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए जाने पर हनुमानगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी का इजहार किया। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष तरुण विजय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर मिठाई बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने इसे पार्टी नेतृत्व द्वारा अनुभवी और समर्पित कार्यकर्ताओं को दी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तरुण विजय ने कहा कि जगदीश जांगिड़ लंबे समय से कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य करते रहे हैं। उनकी संगठनात्मक क्षमता, राजनीतिक अनुभव और पार्टी के प्रति निष्ठा को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय सचिव जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपना कांग्रेस नेतृत्व का सराहनीय निर्णय है। उन्होंने विश्वास जताया कि जांगिड़ अपने नए दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करेंगे।
डीसीसी महासचिव मनोज बड़सीवाल ने कहा कि जगदीश जांगिड़ की नियुक्ति से प्रदेश सहित हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। इससे संगठन को आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों के साथ-साथ भविष्य के राजनीतिक अभियानों में भी मजबूती मिलेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के जिला उपाध्यक्ष रवि ददरवाल ने कहा कि जगदीश जांगिड़ को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का राष्ट्रीय सचिव बनाया जाना पूरे राजस्थान के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि जांगिड़ ने हमेशा संगठन को मजबूत करने और आमजन की आवाज़ उठाने का कार्य किया है। उनके अनुभव और नेतृत्व का लाभ अब राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी को मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में कांग्रेस संगठन और अधिक सशक्त होगा।
कामगार कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रामस्वरूप भाटी ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने समर्पित और कर्मठ नेता को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर कार्यकर्ताओं का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि जगदीश जांगिड़ की नियुक्ति से प्रदेश के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है और आगामी चुनावों में संगठन को इसका सकारात्मक लाभ मिलेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन में मेहनत और समर्पण का सम्मान होना कांग्रेस की परंपरा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांगिड़ के नेतृत्व और मार्गदर्शन से संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने जगदीश जांगिड़ को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की तथा पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
इस मौके पर डीसीसी सेवादल विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास किरोड़ीवाल, ओबीसी विभाग के जिला उपाध्यक्ष रवि दादरवाल, सेवादल मुख्य प्रशिक्षक मामराज परिहार, कामगार कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रामस्वरूप भाटी, वरिष्ठ कांग्रेसी संतराम सांसी, कमल भाटी, केराज पेंटर, कृष्ण कुमार देवरथ, मनीष सेतिया, द्वारका राम घोड़ेला, राजेन्द्र बड़सीवाल, दलीप शेखावत, मनप्रीत सिंह, शिवराज सिंह मान, सोशल मीडिया प्रभारी कृष्ण पेंटर मौजूद थे।

