जिला पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ बी. आदित्य द्वारा आज पुलिस थाना रावतसर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम थाना परिसर में उपस्थित समस्त पुलिस स्टाफ से संवाद कर थाना क्षेत्र में घटित होने वाले अपराधों, कानून-व्यवस्था की स्थिति एवं पुलिसिंग से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

इसके पश्चात जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर स्थित HM कार्यालय, मालखाना, हवालात, मेस, CCTNS ऑपरेटर कक्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से रिकॉर्ड संधारण, प्रकरणों की पेंडेंसी, मालखाना व्यवस्था, CCTNS पर कार्य एवं अन्य विभागीय कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
रावसर कस्बे में स्थापित CCTV कैमरों एवं पुलिस थाना रावतसर में उपलब्ध CCTV कैमरों के एक्सेस का भी निरीक्षण किया गया। कैमरों की कार्यशीलता एवं निगरानी व्यवस्था की जानकारी लेते हुए सभी कैमरों को सुचारू रखने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा तकनीकी खराबी होने पर तत्काल दुरुस्त करवाने के निर्देश दिए गए।
जिला पुलिस अधीक्षक ने परिवादियों एवं आमजन के साथ सौम्य, शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार रखते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम, वांछित अपराधियों की धरपकड़ एवं प्रभावी पुलिसिंग पर जोर दिया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक ने नशा तस्करों एवं विभिन्न आपराधिक गैंग से जुड़े व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अधिकतम प्रभावी कार्रवाई करने तथा लंबे समय से नशा तस्करी में सक्रिय एवं संगठित रूप से अपराध में संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही NDPS एक्ट, धारा 68-F NDPS एक्ट एवं धारा 107 BNS सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा नशा तस्करी से जुड़े अपराधियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर नियमानुसार फ्रीज एवं जब्ती की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त थाना क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री, एवं शराब तस्करी पर प्रभावी रोकथाम एवं कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर नियमानुसार संपत्ति फ्रीज/जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला पुलिस अधीक्षक ने आगामी चुनाव के मद्देनजर कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने, संवेदनशील क्षेत्रों एवं व्यक्तियों को चिन्हित कर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न करवाने के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त लंबित प्रकरणों एवं अनुसंधान का शीघ्र निस्तारण, रात्रिकालीन गश्त को प्रभावी बनाना, संदिग्ध व्यक्तियों एवं आपराधिक गतिविधियों पर सतत निगरानी रखना तथा थाना क्षेत्र में आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान विक्रम चौहान, वृताधिकारी रावतसर तथा अजय गिरधर, थानाधिकारी पुलिस थाना रावतसर सहित थाना स्टाफ उपस्थित रहा।

