रक्षाबंधन पर स्कूली बच्चों ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी, सुरक्षा का दिया संदेश
पुलिसकर्मियों ने बच्चों को उपहार देकर हमेशा सुरक्षा व सहायता के लिए तत्पर रहने का दिया भरोसा
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अल्फ्रेड नोबेल सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने आ टाउन थाना पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ त्योहार मनाया। छात्राओं ने थानाधिकारी सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके लंबे जीवन, सफलता और सुख-समृद्धि की कामना की।
बच्चों के इस आत्मीय कदम से थाना परिसर का माहौल उत्सवमय हो गया। थानाधिकारी (एसएचओ) लखवीर सिंह ने बच्चों का स्वागत किया और उन्हें उपहार भेंट किए। उन्होंने बच्चों को भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन हमेशा उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर रहेगा।
इस अवसर पर बच्चों ने दिन-रात जनसेवा और आमजन की सुरक्षा में जुटे पुलिसकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राखी बांधने के बाद बच्चों ने पुलिसकर्मियों का मुंह मीठा कराया। वहीं पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उपहार प्रदान किए।
कार्यक्रम में विद्यालय के निर्देशक अमित मिश्रा, विद्यालय संचालक रामबाबू साहू, प्रधानाचार्य काजल साहू सहित शिक्षकगण कांति मिश्रा, लक्ष्मी, मीनू, सपना और पूजा तथा विद्यालय का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।
वहीं पुलिस प्रशासन की ओर से थानाधिकारी लखवीर सिंह के साथ थाने के अन्य अधिकारी, चौकी प्रभारी एवं पुलिस जवान मौजूद रहे। कार्यक्रम ने बच्चों और पुलिस के बीच आत्मीयता तथा विश्वास का संदेश दिया।

