ऐलनाबाद, 30 जनवरी (रमेश भार्गव) पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के नेतृत्व में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए सिरसा की साइबर थाना पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सिरसा निवासी एक व्यक्ति से 2 लाख 19 हजार 300 रुपए की ऑनलाइन ठगी करने के मामले में आरोपी मोहम्मद इजहान को दिल्ली तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार कर लिया है । इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्याम सुंदर ने बताया कि सिरसा निवासी पीड़ित व्यक्ति प्रमोद कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 सिंतबर 2025 को उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से लिंक आय़ा जैसे ही पीड़ित व्यक्ति ने लिंक पर क्लिक किया तो वह टेलिग्राम एप से जुड़ गया । टेलिग्राम एप पर ऑनलाइन ट्रेंडिंग से टॉस्क पूरा कर मोटा मुनाफा कमाने के विज्ञापन चल रहे थे । साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति ने लालच में आकर ऑनलाइन ट्रेंडिंग शुरु कर दी । साइबर अपराधियों ने पीड़ित व्यक्ति को छोटा टॉस्क देकर पैसे लगवा लिए और टॉस्क पूरा होने पर उसके खाते में चार गुना पैसे डाल दिए । पीड़ित व्यक्ति और अधिक लालच में आ गया और पैसे डबल करने के नाम पर ऑनलाइन ट्रेडिंग कर 2,19,300 रुपये लगा दिए । उन्होंने बताया कि पीड़ित व्यक्ति ने बड़े पैमाने पर पैसा लगाकर वापस निकालने के लिए लिंक पर क्लिक किया तो लिंक पूर्ण रुप से बंद हो गया । जब तक पीड़ित व्यक्ति को एहसास हुआ की वह साइबर फ्रॉड का शिकार हो गया है,तब तक साइबर अपराधियों ने उसे 2,19,300 रुपए का चूना लगा दिया था । पीड़ित व्यक्ति की शिकायत के आधार पर साइबर थाना सिरसा में साइबर अपराधियों के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज जांच शुरु की गई । पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए आरोपी के बैंक खातों, टेलीग्राम आईडी और व्हाट्सएप नंबर की जानकारी प्राप्त की । जांच के दौरान आरोपी मोहम्मद इजहान पुत्र मोहम्मद इरसाद निवासी न्यू फ्रैंडस कॉलोनी साउथ दिल्ली को तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार कर आरोपी से पूछताछ की गई और पूछताछ के दौरान जो भी व्यक्ति धोखाधड़ी के इस नेटवर्क से जुड़ा है उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी । गौरतलब है कि इस मामलें में एक अन्य आरोपी विद्या सागर को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया था । पुलिस ने इस मामले में कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक या व्यक्ति से सावधान रहें और साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें ।

