*रावतसर नरेश सिगची* अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हनुमानगढ़ पहुंचे राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के समक्ष भाजपा रावतसर नगर मंडल अध्यक्ष राकेश शास्त्री खंडेलवाल ने शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में रावतसर शहर के विकास और नागरिकों की सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
मंडल अध्यक्ष राकेश शास्त्री खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि रावतसर नगरपालिका के अंतर्गत आने वाले एलआईजी सेक्टर के 7 वार्डों के निवासियों को आज तक उनके आवास या प्लॉट के पट्टे जारी नहीं किए गए हैं। इसके कारण इन वार्डों के लोग प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह रहे हैं। उन्होंने इन नागरिकों को शीघ्र पट्टे जारी करवाने की मांग की।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि शहर में मामूली बारिश के दौरान भी जलभराव की गंभीर स्थिति बन जाती है, जिससे आमजन को काफी परेशानी होती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए उचित ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने की मांग भी रखी गई।
इसके अलावा शहर की मुख्य सड़क, जो मेगा हाईवे के अंतर्गत आती है, उसके लिए बायपास निर्माण की मांग भी उठाई गई। बताया गया कि पिछले बजट में इसके लिए डीपीआर तैयार करवाई जा चुकी है, इसलिए इसे स्वीकृति देकर शीघ्र बजट जारी किया जाए ताकि शहर को यातायात दबाव से राहत मिल सके।
ज्ञापन में रावतसर के राजकीय चिकित्सालय को उपजिला अस्पताल में क्रमोन्नत करने की मांग भी की गई, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
पीएचईडी विभाग द्वारा शहर में डाली जा रही पाइप लाइनों के कार्य को लेकर भी नाराजगी जताई गई। बताया गया कि पाइप लाइन डालने के लिए जगह-जगह सड़कों को तोड़ दिया गया है और बाद में उन्हें ठीक से पुनः दुरुस्त नहीं किया जा रहा। विशेष रूप से जाट कॉलोनी से एसडीएम कार्यालय तक मेगा हाईवे के किनारे इंटरलॉक सड़क को उखाड़कर पाइप लाइन डाली गई, लेकिन कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। इसके कारण पूरे दिन धूल के गुबार उड़ते रहते हैं, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस कार्य से जुड़ी फर्म को पाबंद कर उचित कार्रवाई करने की मांग भी ज्ञापन में की गई।
मुख्यमंत्री ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस दौरान मंडल महामंत्री बजरंग सिंह सूडा, हेमंत बिहानी, श्याम पारीक, मनीराम खुड़िया, विनोद पंवार सहित अनेक मंडल पदाधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

