ऐलनाबाद,17 मार्च (रमेश भार्गव )शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सी.आर.डी.ए.वी. गर्ल्स कॉलेज, ऐलनाबाद और डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, मंडी डबवाली के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का मुख्य लक्ष्य दोनों संस्थानों के बीच अकादमिक आदान-प्रदान और मेंटरशिप प्रोग्राम को सुदृढ़ बनाना है।
इस औपचारिक समझौते पर सी.आर.डी.ए.वी.गर्ल्स कॉलेज के प्राचार्य डॉ. भूषण मोंगा और राजकीय महाविद्यालय, डबवाली के प्राचार्य डॉ. विक्रम बंसल ने आधिकारिक रूप से हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर सी.आर.डी.ए.वी.कॉलेज के चेयरमैन श्री ईश कुमार मेहता ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह समझौता भविष्य में छात्राओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा और दोनों संस्थानों के शैक्षणिक स्तर को और ऊँचा ले जाने में मील का पत्थर साबित होगा।
इस विशेष अवसर पर सी.आर.डी.ए.वी.कॉलेज की ओर से असिस्टेंट प्रोफेसर प्रभजोत कौर और दीपिका रानी मौजूद रहीं वहीं, डॉ. बी.आर. अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, डबवाली की ओर से एसोसिएट प्रोफेसर श्रीमती उषा भट्टी व
श्रीमती भारती बराड़,असिस्टेंट प्रोफेसर, प्रदीप कसवां एसोसिएट प्रोफेसर, श्री राजपाल वर्मा उपस्थित रहे।
यह समझौता अगले 5 वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा। इसके माध्यम से दोनों कॉलेज साझा अनुसंधान, कार्यशालाएं, और छात्र-केंद्रित गतिविधियों का आयोजन करेंगे। प्राचार्यों ने विश्वास जताया कि इस सहयोग से ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को आधुनिक और उच्च स्तरीय शिक्षा प्राप्त करने में बड़ी मदद मिलेगी।

