ब्रेकिंग न्यूज़

चाणक्य क्लासेज में आरएएस चयनित विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

-कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित हुआ प्रेरणादायक मोटिवेशनल सेमीनार

हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित चाणक्य क्लासेज में रविवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें आरएएस परीक्षा 2024 में चयनित विद्यार्थियों का अभिनंदन समारोह तथा कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए मोटिवेशनल सेमीनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, प्रेरणा और अनुशासन का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यातायात थानाधिकारी अनिल चिन्दा, समाजसेवी अमरनाथ सिंगला, प्रिंसिपल फुसाराम स्वामी एवं सुरेन्द्र यादव रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता चाणक्य क्लासेज निदेशक राज तिवाड़ी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई, जिससे पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।
इस अवसर पर आरएएस परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों जितेन्द्र कुमार , प्रेम कुमार , रजत भाटी और साहिल कुमार का पगड़ी पहनाकर व माल्यार्पण कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उनके इस गौरवपूर्ण चयन से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुरस्कार से सम्मानित यातायात थानाधिकारी अनिल चिन्दा का भी विशेष रूप से पगड़ी पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि अनिल चिन्दा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन और नियमों की महत्ता समझाई। उन्होंने विशेष रूप से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन केवल सड़क पर ही नहीं, बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर उसी दिशा में निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया और कहा कि कड़ी मेहनत, धैर्य और सकारात्मक सोच से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में आरएएस में चयनित विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए।  श्री जितेन्द्र कुमार ने बताया कि उन्होंने नियमित अध्ययन और समय प्रबंधन को अपनी सफलता का आधार बनाया। उन्होंने कहा कि असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेना चाहिए।  श्री प्रेम कुमार ने अपने संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि मन में दृढ़ संकल्प हो तो सफलता जरूर मिलती है।  श्री रजत भाटी ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करें। वहीं श्री साहिल कुमार ने कहा कि निरंतर अभ्यास और सही मार्गदर्शन सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए निदेशक राज तिवाड़ी ने कहा कि हनुमानगढ़ के विद्यार्थियों में अपार संभावनाएं हैं, जरूरत है तो उन्हें पहचानने और सही दिशा देने की। उन्होंने बताया कि चाणक्य क्लासेज इसी उद्देश्य के साथ कार्य कर रही है, जहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि संस्था का लक्ष्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवाओं में चयनित कराना है, ताकि वे समाज और राष्ट्र की सेवा कर सकें।
मोटिवेशनल सेमीनार के दौरान कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, तनाव से निपटने के तरीके और करियर चयन के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई तथा 12 वी कक्षा में  90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष सम्मानित किया गया विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि सही रणनीति और आत्मविश्वास के साथ वे अपने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रदीप तिवाड़ी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।
इस मौके पर संस्थान से कोमल तिवाड़ी,सोहन भाम्भू, अजय स्वामी, श्रवण शर्मा, जगदीश परिहार, सुनील कुमार, बकशीश, सतवीर, शिव प्रकाश, कर्मपाल, मनोज खोथ रमेश व अन्य स्टॉफ सदस्य मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button